देहरादून। उत्तराखंड में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) ने सांख्यिकी विभाग के एक अधिकारी को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान संजय कुमार के रूप में हुई है, जो देहरादून स्थित नेशनल स्टेटिस्टिकल ऑफिस (NSO) में तैनात बताए जा रहे हैं। इस कार्रवाई के बाद विभाग में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार, मामला एक टैक्स अधिवक्ता की शिकायत के बाद सामने आया। अधिवक्ता ने CBI को बताया कि वह अपने एक क्लाइंट की कंपनी के कर संबंधी कार्य देखते हैं। क्लाइंट की कंपनी बीएस इंडस्ट्रीज को ‘एनुअल सर्वे ऑफ इंडस्ट्रीज’ (ASI) के तहत वार्षिक रिटर्न दाखिल करनी थी, जिसकी प्रक्रिया सांख्यिकी विभाग के माध्यम से पूरी होती है

शिकायत में आरोप लगाया गया कि अधिकारी संजय कुमार ने रिटर्न तैयार करने और उसे जमा कराने के बदले 5 हजार रुपये की रिश्वत मांगी। बताया गया कि आरोपी अधिकारी ने व्हाट्सएप पर एक मोबाइल नंबर भेजकर उसी नंबर पर UPI के जरिए रकम ट्रांसफर करने को कहा था।
शिकायत मिलने के बाद CBI ने मामले की गोपनीय जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में रिश्वत मांगने की पुष्टि होने पर एजेंसी ने भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत केस दर्ज किया। इसके बाद CBI की टीम ने ट्रैप कार्रवाई करते हुए आरोपी अधिकारी को रिश्वत लेते समय रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
फिलहाल CBI आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले की विस्तृत जांच जारी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के दौरान यदि अन्य लोगों की संलिप्तता सामने आती है तो उनके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।



