उत्तराखंड के बागेश्वर जिले में कड़ाके की ठंड के बावजूद जंगलों में आग लगने की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामला गरुड़ क्षेत्र के कंधार जंगलों का है, जहां आज भीषण आग देखने को मिली।


गरुड़ के कंधार क्षेत्र के जंगलों में आज अचानक आग भड़क उठी। ठंड के मौसम में जंगलों में लगी इस आग ने वन विभाग की चिंता बढ़ा दी है। दूर-दूर तक फैली आग से वन संपदा को भारी नुकसान पहुंचने की आशंका जताई जा रही है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, इस समय ठंड और नमी होने के बावजूद जंगलों में आग लगना कई सवाल खड़े कर रहा है। आशंका जताई जा रही है कि आग जानबूझकर लगाई जा रही है।
आदित्य रत्न, वनाधिकारी, बागेश्वर ने कहा।
सर्दियों के मौसम में जंगलों में आग लगने के पीछे कई बार स्थानीय शरारती तत्वों की भूमिका सामने आती है। वन विभाग ऐसे मामलों को बेहद गंभीरता से ले रहा है। मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया है और दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
वन विभाग ने साफ कर दिया है कि जंगलों में आग लगाने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। विभाग द्वारा लगातार निगरानी की जा रही है और संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष नजर रखी जा रही है।




