श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले से एक अत्यंत दुखद समाचार सामने आया है। भद्रवाह–चंबा रोड पर स्थित खानी टॉप इलाके में भारतीय सेना का एक वाहन भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गया। इस दर्दनाक दुर्घटना में देश की रक्षा में तैनात 10 जांबाज जवानों ने अपनी जान गंवा दी, जबकि 10 अन्य जवान गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

हादसे की सूचना मिलते ही सेना और स्थानीय प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं और तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। दुर्घटनाग्रस्त वाहन को खाई से निकालने और घायलों को सुरक्षित बाहर लाने के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।
घायल जवानों को पहले प्राथमिक उपचार दिया गया, इसके बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए उधमपुर स्थित सेना के कमांड अस्पताल एयरलिफ्ट किया गया है। घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है और उनका इलाज विशेषज्ञ चिकित्सकों की निगरानी में जारी है।
हादसे के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है। सेना द्वारा घटना की जांच के आदेश दे दिए गए हैं। प्रारंभिक तौर पर सड़क की खराब स्थिति और मौसम को दुर्घटना का संभावित कारण माना जा रहा है।
इस हादसे के बाद पूरे देश में शोक की लहर है। लोगों ने सोशल मीडिया के माध्यम से शहीद जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की है और उनके परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है।
देश ने एक बार फिर अपने वीर सपूतों को खोया है, जिनकी शहादत को कभी भुलाया नहीं जा सकेगा।




