थराली/चमोली | सड़क हादसा
कुलसारी–नैल–ढालू मोटरमार्ग पर बुधवार को हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में वाहन चालक की मौत हो गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, एक ऑल्टो K10 कार (वाहन संख्या UK-11A-3154) ढालू गांव से लगभग 500 मीटर पहले अनियंत्रित होकर करीब 150 मीटर नीचे गुमटेल–टनोली क्षेत्र में जा गिरी।
बताया जा रहा है कि वाहन चालक अपने व्यक्तिगत वाहन से रिश्तेदार को लेने के लिए ग्राम ढालू जा रहे थे। दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल को 108 एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र थराली पहुंचाया गया। हालांकि, अस्पताल में चिकित्सकों ने घायल को मृत घोषित कर दिया।

मृतक की पहचान प्राणी दत्त कुनियाल (उम्र 65 वर्ष) पुत्र माधवानंद कुनियाल, निवासी ग्राम उलंग्रा, देवाल, थाना थराली के रूप में हुई है। हादसे की सूचना परिजनों को दे दी गई है।
थानाध्यक्ष थराली विनोद चौरसिया ने बताया कि मृतक का पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। इस घटना से क्षेत्र में शोक का माहौल है।




