Home » ताजा खबरें » बोर्ड परीक्षा के लिए बागेश्वर तैयार: 101 विद्यालयों में पहुंचे 101 अधिकारी, 5096 विद्यार्थियों को मिला मार्गदर्शन …

बोर्ड परीक्षा के लिए बागेश्वर तैयार: 101 विद्यालयों में पहुंचे 101 अधिकारी, 5096 विद्यार्थियों को मिला मार्गदर्शन …

Share :

जनपद बागेश्वर में बोर्ड परीक्षा की तैयारी को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से 11 फरवरी को जिले के समस्त 101 शासकीय एवं अशासकीय माध्यमिक विद्यालयों में परीक्षा संबंधी जागरूकता एवं प्रेरणा कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस अभिनव पहल के अंतर्गत 101 अधिकारियों ने 101 विद्यालयों में पहुंचकर कुल 5096 विद्यार्थियों से सीधा संवाद किया और उन्हें परीक्षा की बेहतर तैयारी हेतु महत्वपूर्ण मार्गदर्शन प्रदान किया।

इस क्रम में जिलाधिकारी आकांक्षा कोंडे ने राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, बागेश्वर में बोर्ड परीक्षा देने वाली छात्राओं का उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर विद्यालय की प्रधानाचार्य श्रीमती शोभा द्वारा जिलाधिकारी को कुमाऊनी पिछौड़ा ओढ़ाकर सम्मानित किया गया।

विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि परीक्षा का यह समय अत्यंत महत्वपूर्ण है और इस सीमित अवधि का अधिकतम उपयोग पढ़ाई में किया जाना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों को कमजोर विषयों पर विशेष ध्यान देने, पिछले 10 वर्षों के प्रश्नपत्रों का नियमित अभ्यास करने तथा उन्हें वास्तविक परीक्षा की भांति हल करने की सलाह दी। उन्होंने विद्यार्थियों से पूर्ण आत्मविश्वास के साथ परीक्षा देने का आह्वान करते हुए कहा कि निरंतर परिश्रम ही सफलता की कुंजी है।

जिलाधिकारी ने यह भी कहा कि 10वीं और 12वीं की परीक्षाएं विद्यार्थियों के भविष्य की दिशा तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं, इसलिए पूरी गंभीरता और समर्पण के साथ तैयारी करें। इस दौरान उन्होंने अपने अध्ययन काल के अनुभव साझा किए तथा विद्यार्थियों के प्रश्नों का समाधान भी किया।

उन्होंने शिक्षकों की भूमिका को रेखांकित करते हुए कहा कि शिक्षक ही समाज की भावी पीढ़ियों का भविष्य संवारने का कार्य करते हैं।
बोर्ड परीक्षार्थियों का मनोबल बढ़ाने हेतु जिला प्रशासन द्वारा यह विशेष नवाचार किया गया, जिसके अंतर्गत सभी विद्यालयों में जिला स्तरीय अधिकारियों ने विद्यार्थियों से संवाद स्थापित किया।

इस दौरान विद्यार्थियों को करियर काउंसलिंग के माध्यम से भविष्य के शैक्षिक एवं व्यावसायिक विकल्पों की जानकारी देकर और अधिक प्रेरित किया गया। अधिकारियों ने समय प्रबंधन, कठिन विषयों की प्रभावी तैयारी, एकाग्रता बनाए रखने तथा परीक्षा तनाव प्रबंधन से संबंधित उपयोगी सुझाव भी दिए।

कार्यक्रम के अंतर्गत मुख्य विकास अधिकारी आर.सी. तिवारी ने राजकीय इंटर कॉलेज मण्डलसेरा तथा अपर जिलाधिकारी एन.एस. नबियाल ने राजकीय इंटर कॉलेज रवाईखाल में विद्यार्थियों से संवाद कर उनका मार्गदर्शन किया। इसी प्रकार जनपद के अन्य अधिकारियों द्वारा भी विभिन्न विद्यालयों में पहुंचकर विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया गया।

जिला प्रशासन की इस पहल से विद्यार्थियों में आत्मविश्वास का संचार हुआ है और बोर्ड परीक्षा के प्रति सकारात्मक माहौल निर्मित हुआ है। प्रशासन का यह प्रयास निश्चित रूप से विद्यार्थियों की सफलता में सहायक सिद्ध होगा।

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Inline Feedbacks
View all comments
Advertisement
Tools for Journalists to Publish News
Cricket Score
सबसे ज्यादा पड़ गई
Rashifal
Share Market