उत्तराखंड के कुमाऊं मंडल में एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ है। हल्द्वानी मंडी से अपने घर सितारगंज लौट रहे 23 वर्षीय युवक अमर सिंह की सड़क हादसे में मौत हो गई, जबकि उसका चचेरा भाई गौतम सिंह (14) गंभीर रूप से घायल हो गया।

मृतक अमर सिंह और उसका चचेरा भाई गौतम सिंह बुधवार को हल्द्वानी मंडी से घर लौट रहे थे। जैसे ही वे गांव सिसौना, कल्याणपुर के पास पहुँचे, पीछे से आए डंपर ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। इससे उनकी बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई।
सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को उप जिला अस्पताल, सितारगंज में भर्ती कराया। डॉक्टरों ने अमर सिंह को मृत घोषित कर दिया, जबकि गौतम की हालत गंभीर होने पर उसे उच्च स्तर के अस्पताल में रेफर कर दिया गया।
परिजनों ने बताया कि अमर सिंह की शादी अभी नहीं हुई थी। वह सिडकुल, रुद्रपुर की किसी कंपनी में कार्यरत था। 23 फरवरी को उसके बड़े भाई राहुल सिंह की शादी थी और घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं। हादसे ने घर की खुशियों को मातम में बदल दिया।
पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए खटीमा भेज दिया है। डंपर चालक फिलहाल फरार है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से उसकी तलाश की जा रही है। पुलिस ने कहा कि आरोपी चालक पकड़े जाने पर उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
Post Views: 3




