उत्तराखंड के हरिद्वार में महिलाओं से अभद्र हरकत करने के आरोप में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। मामला कनखल क्षेत्र की कांवड़ पटरी और सिंहद्वार के पास नहर किनारे का है, जहां सैर पर निकली महिलाओं और युवतियों के साथ आरोपी अशोभनीय इशारे कर उन्हें परेशान कर रहा था।
स्थानीय महिलाओं ने कनखल थाने में शिकायत दर्ज कराई। उनका कहना था कि एक युवक सुबह-शाम वॉक के दौरान उन्हें देखकर अभद्र इशारे करता है, जिससे वे असहज और भयभीत महसूस कर रही थीं। शिकायत मिलते ही पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित कर निगरानी शुरू की।

बीते रविवार शाम आरोपी फिर कांवड़ पटरी पर पहुंचा और महिलाओं के साथ अशोभनीय हरकतें करने लगा। इस दौरान कुछ महिलाओं ने हिम्मत दिखाते हुए उसका वीडियो बना लिया और पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया।
गिरफ्तार युवक की पहचान प्रभाकर मिश्रा निवासी मकतूलपुरी, थाना गंगनहर के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार वह हर रविवार कनखल आता था और सुनसान स्थानों पर इस तरह की हरकतें करता था, जिसके चलते स्थानीय लोग उसे ‘संडे शिकारी’ कहने लगे थे। आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया गया है।
अभय प्रताप सिंह (एसपी सिटी) ने बताया कि सार्वजनिक स्थानों पर महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए विशेष निगरानी रखी जा रही है। उन्होंने आमजन से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत पुलिस को सूचना दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।




