हल्द्वानी में UCG बिल के विरोध में आज व्यापारियों और सामाजिक संगठनों ने बड़ा प्रदर्शन किया। स्वर्ण एकता व्यापार मंडल के नेतृत्व में रामलीला मैदान से जिलाधिकारी कार्यालय नैनीताल तक रैली निकाली गई और बिल के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की गई।

रैली के आयोजक प्रकाश सर्बोला ने कहा कि UCG बिल के जरिए जाति और धर्म के आधार पर लोगों को बांटने की कोशिश की जा रही है। उनका आरोप है कि इस कानून से ऐसे लोग भी नौकरी से वंचित हो सकते हैं जिन्होंने अधिक अंक हासिल किए हैं, जबकि न्यूनतम अंकों वाले अन्य वर्गों को नौकरी मिल सकती है। इसे लेकर व्यापारियों और स्थानीय लोगों में नाराजगी देखने को मिली।
प्रदर्शन के बाद प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी के माध्यम से देश के राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को संबोधित ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में मांग की गई कि इस बिल को जल्द वापस लिया जाए। साथ ही चेतावनी दी गई कि यदि सरकार ने इस कानून को वापस नहीं लिया तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।
जिलाधिकारी कार्यालय की ओर से बताया गया कि प्रदर्शनकारियों द्वारा दिया गया ज्ञापन आगे भेजने की प्रक्रिया में है।
बताया जा रहा है कि इस बिल का विरोध सिर्फ उत्तराखंड ही नहीं बल्कि देश के कई हिस्सों में भी किया जा रहा है। अब देखना होगा कि विरोध के बीच सरकार इस बिल को लेकर क्या फैसला लेती है और आगे आंदोलन किस दिशा में जाता है।




