हल्द्वानी नगर क्षेत्र में एक युवती के साथ पीछा करने, छेड़छाड़ और जबरन शादी का दबाव बनाने का गंभीर मामला सामने आया है। विरोध करने पर आरोपी युवक ने युवती पर पत्थर से जानलेवा हमला कर दिया। घायल युवती को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मामला बनभूलपुरा थाना क्षेत्र का है। पीड़िता की दादी, निवासी जवाहर नगर ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनकी पोती के घर से बाहर निकलते ही अन्ना पुत्र जाहिद, निवासी गौला गेट जवाहर नगर, उसका लगातार पीछा करता था और रास्ते में छेड़छाड़ करता था। आरोप है कि युवक युवती पर जबरन शादी करने का दबाव बनाता रहा और जान से मारने की धमकियां भी देता था।
तहरीर के अनुसार 7 फरवरी को जब युवती घर से सामान लेने निकली, तो आरोपी ने रास्ते में उसे रोक लिया और जबरन पकड़कर गौला की ओर ले जाने लगा। युवती के विरोध करने और शादी से इनकार करने पर आरोपी ने पत्थर उठाकर उसके सिर पर वार कर दिया। घटना के बाद आरोपी गाली-गलौच करते हुए मौके से फरार हो गया।
घायल युवती को तत्काल सोबन सिंह जीना बेस अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसके सिर में गंभीर चोट आने की पुष्टि की है। फिलहाल युवती का उपचार जारी है।
इस संबंध में बनभूलपुरा कोतवाली प्रभारी निरीक्षक डीएस फर्त्याल ने बताया कि युवती की दादी की तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है। आरोपी की तलाश के लिए पुलिस टीम सक्रिय है।




