गरुड़। तहसील दिवस के दौरान क्षेत्र के ग्रामीणों और फरियादियों ने अपनी विभिन्न समस्याएं प्रशासन के समक्ष खुलकर रखीं इस मौके पर कुल 25 शिकायतें दर्ज की गई। तहसीलदार निशा रानी ने अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि जनता की समस्याओं का त्वरित निदान करें।

तहसीलदार निशा रानी की अध्यक्षता में आयोजित तहसील दिवस में नवीन गोस्वामी ने बिजली बिल अधिक आने को लेकर शिकायत दर्ज कराई। लखनी की प्रधान हेमलता ने लखनी मोटरमार्ग की बदहाली पर सवाल उठाते हुए जल्द सुधार की मांग की। दर्शानी के पूर्व ग्राम प्रधान भोला दत्त पांडे ने कहा कि पूर्व में तहसील दिवस में उठाई गई सड़क, सिंचाई, बंदर, विद्युत से जुड़ी कई समस्याओं का आज तक समाधान नहीं हो पाया है।नौघर वार्ड निवासी रंजीत रावत ने क्षेत्र में लो वोल्टेज की गंभीर समस्या को प्रमुखता से उठाया।तहसील दिवस में दर्ज शिकायतों में मुख्य रूप से जल विभाग, विद्युत विभाग, सिंचाई विभाग और सड़कों से जुड़ी समस्याएं छाई रही। तहसीलदार ने कई शिकायतों का निस्तारण मौके पर ही कर दिया। जबकि शेष मामलों को संबंधित विभागों के अधिकारियों को सौंपते हुए तत्काल और समयबद्ध समाधान के निर्देश दिए गए
तहसीलदार ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी लंबित शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि आम जनता को शीघ्र राहत मिल सके। इस दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद थे।




