देहरादून: चमोली जिले के ज्योतिर्मठ क्षेत्र में हुए दर्दनाक हेलीकॉप्टर हादसे में जान गंवाने वाले सभी छह लोगों के शवों को रेस्क्यू टीमों ने बरामद कर लिया है। हादसे के बाद सभी शवों को एम्स ऋषिकेश लाया गया, जहां पोस्टमार्टम और केमिकल प्रक्रिया पूरी की गई। इसके बाद शवों को देहरादून स्थित जौलीग्रांट एयरपोर्ट पहुंचाया गया, जहां से उन्हें विमान और सड़क मार्ग के जरिए उनके घरों तक भेजने की व्यवस्था की गई।

जानकारी के मुताबिक, हादसे में जान गंवाने वाले पायलट हिमांशु सभरवाल (48) के शव को सड़क मार्ग से दिल्ली स्थित उनके घर भेजा गया। वहीं, प्रताप (41), वीबी शंकर गौड़ा (39), सुधीर के. (50) और एचएस नटराजा (51) के शवों को इंडिगो की बेंगलुरु जाने वाली फ्लाइट से रवाना किया गया।
इसके अलावा, अरुण सालुके (44) के शव को पहले इंडिगो की फ्लाइट से दिल्ली भेजा गया। दिल्ली से उनके शव को गोवा ले जाया जाएगा।
शुक्रवार को हुआ था दर्दनाक हादसा
बता दें कि शुक्रवार को बदरीनाथ धाम से सहस्रधारा हेलीपैड की ओर आ रहा ट्रांस भारत एविएशन का हेलीकॉप्टर पहाड़ी से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। इस दर्दनाक हादसे में पायलट समेत छह लोगों की मौत हो गई थी। घटना के बाद राहत और बचाव दलों ने अभियान चलाकर सभी मृतकों के शव बरामद किए।
हादसे के बाद मृतकों के शवों को उनके घरों तक पहुंचाने के लिए प्रशासन और संबंधित एजेंसियों ने समन्वय बनाकर आवश्यक व्यवस्थाएं कीं। इस घटना से मृतकों के परिजनों में शोक की लहर है।







