Home » ताजा खबरें » रुद्रपुर में फर्जी आधार-पैन रैकेट का भंडाफोड़: जनसेवा केंद्र की आड़ में चल रहा था अवैध कारोबार, एक गिरफ्तार..

रुद्रपुर में फर्जी आधार-पैन रैकेट का भंडाफोड़: जनसेवा केंद्र की आड़ में चल रहा था अवैध कारोबार, एक गिरफ्तार..

Share :

रुद्रपुर – जनपद ऊधमसिंहनगर में पुलिस ने फर्जी दस्तावेज बनाने वाले गिरोह पर बड़ी कार्रवाई करते हुए एक नकली आधार कार्ड सेंटर का भंडाफोड़ किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन में कोतवाली ट्रांजिट कैम्प पुलिस और एसटीएफ कुमाऊं की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर भारी मात्रा में फर्जी आधार कार्ड, पैन कार्ड और कूटरचित शैक्षिक प्रमाणपत्र बरामद किए हैं।

पुलिस द्वारा अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक नगर, पुलिस अधीक्षक अपराध एवं कानून व्यवस्था तथा क्षेत्राधिकारी रुद्रपुर के पर्यवेक्षण में 17 फरवरी 2026 को ट्रांजिट कैम्प क्षेत्र के मछली मार्केट रोड स्थित “गंगवार जनसेवा केन्द्र” में छापा मारा गया।
छापेमारी के दौरान पाया गया कि दुकान की आड़ में अवैध रूप से फर्जी आधार कार्ड, पैन कार्ड एवं अंकतालिकाएं तैयार की जा रही थीं। मौके से चेतन कुमार (21 वर्ष) पुत्र राजपाल, निवासी ग्राम एन्चौरा थाना पटवाई, जिला रामपुर (उ0प्र0), हाल निवासी गड्ढा कॉलोनी शिमलाबहादुर, थाना ट्रांजिट कैम्प, ऊधम सिंह नगर को गिरफ्तार किया गया।
PIXELLAB एप से तैयार करता था फर्जी दस्तावेज
पूछताछ में अभियुक्त ने खुलासा किया कि वह PIXELLAB एप्लीकेशन के माध्यम से ग्राहकों की फोटो, नाम व पता एडिट कर फर्जी आधार कार्ड, पैन कार्ड और शैक्षिक प्रमाणपत्र तैयार करता था। इन दस्तावेजों का उपयोग सिडकुल क्षेत्र की कंपनियों में नौकरी प्राप्त करने के लिए किया जाता था।
दुकान और मोबाइल की जांच में बड़ी संख्या में फर्जी दस्तावेजों की डिजिटल प्रतियां मिलीं। कंप्यूटर स्क्रीन पर भी कूटरचित मार्कशीट की प्रतियां प्रदर्शित हो रही थीं। अभियुक्त के विरुद्ध कोतवाली ट्रांजिट कैम्प में एफआईआर संख्या 58/2026 धारा 318(2)/336(3)/338/340(2) बीएनएस के अंतर्गत मुकदमा पंजीकृत किया गया है। पुलिस ने 1 प्रिंटर,1 मॉनिटर/डेस्कटॉप, 1 सीपीयू, 1 कीबोर्ड, 1 माउस, 1 बायोमैट्रिक स्कैनर,40 फर्जी आधार कार्ड, 53 फर्जी पैन कार्ड, कूटरचित अंकतालिकाएं, फोटोशीट पेपर, 1 मोबाइल फोन (POCO कंपनी) बरामद हुआ है।
जनपद पुलिस ने आमजन से अपील की है कि फर्जी दस्तावेज बनवाने अथवा उनका उपयोग करने से बचें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि ऐसे अपराधियों के विरुद्ध आगे भी कठोर कार्रवाई जारी रहेगी। इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध दस्तावेज निर्माण गिरोहों में हड़कंप मच गया है
0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Inline Feedbacks
View all comments
Advertisement
Tools for Journalists to Publish News
Cricket Score
सबसे ज्यादा पड़ गई
Rashifal
Share Market