हल्द्वानी में जल्द ही सड़कों और फुटपाथों को अतिक्रमण से मुक्त कराने के लिए बड़ा अभियान शुरू किया जाएगा। इसको लेकर शुक्रवार को नगर निगम कार्यालय में पुलिस, प्रशासन और नगर निगम अधिकारियों की संयुक्त बैठक आयोजित की गई, जिसमें शहर में बढ़ते अतिक्रमण को हटाने के लिए ठोस रणनीति तैयार की गई।

बैठक में निर्णय लिया गया कि अतिक्रमण हटाने के लिए पुलिस, प्रशासन और नगर निगम की संयुक्त टीम बनाई जाएगी। यह टीम शहर के विभिन्न इलाकों में अभियान चलाकर सड़कों और फुटपाथों पर किए गए अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई करेगी। खासतौर पर फुटपाथों पर किए गए कब्जों और निजी जमीन की सीमा से बाहर बनाए गए रैंप पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
इसके अलावा प्रशासन ने आम लोगों की भागीदारी बढ़ाने के लिए जिला स्तरीय शिकायत एप्लिकेशन में अतिक्रमण से जुड़ी शिकायत दर्ज कराने का विकल्प जोड़ने का भी फैसला लिया है। इससे नागरिक सीधे अपने क्षेत्र में हो रहे अतिक्रमण की जानकारी प्रशासन तक पहुंचा सकेंगे।
शहर की प्रमुख सड़कों—नैनीताल रोड और कालाढूंगी रोड—पर चौड़ीकरण के बाद व्यवस्थित और सुरक्षित फुटपाथ विकसित किए जाएंगे, ताकि पैदल चलने वालों को सुविधा मिल सके और यातायात व्यवस्था भी बेहतर हो।
अस्पतालों के बाहर लगने वाले जाम की समस्या को देखते हुए पुलिस संबंधित संस्थानों को दो गार्ड तैनात करने के लिए नोटिस जारी करेगी। वहीं फुटपाथों पर लगने वाले फड़ और ठेलों को निर्धारित वेंडिंग जोन में शिफ्ट किया जाएगा, जिससे यातायात और पैदल आवाजाही में बाधा न हो।
बैठक में नगर आयुक्त परितोष वर्मा, सिटी मजिस्ट्रेट एपी वाजपेयी, यातायात निरीक्षक महेश चंद्रा, सहायक अभियंता नवल नौटियाल और सहायक लेखाधिकारी गणेश भट्ट समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे। प्रशासन का कहना है कि अभियान जल्द ही चरणबद्ध तरीके से शुरू किया जाएगा।




