Home » ताजा खबरें » गंगोलीहाट से लौट रही कार खाई में गिरी, PWD कर्मी और पत्नी की मौत…

गंगोलीहाट से लौट रही कार खाई में गिरी, PWD कर्मी और पत्नी की मौत…

Share :

पिथौरागढ़-घाट एनएच पर मटेला बैंड के पास हादसा, करीब 250 मीटर गहरी खाई में गिरी कार…

पिथौरागढ़:
उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले में रविवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। गंगोलीहाट में विवाह समारोह से लौट रहे दंपति की कार गहरी खाई में गिर गई, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा पिथौरागढ़-घाट राष्ट्रीय राजमार्ग पर मटेला बैंड के पास हुआ।

मिली जानकारी के अनुसार बजेटी निवासी योगेश कुमार (38) पुत्र जीवन राम अपनी पत्नी निधि (34) के साथ एसयूवी कार से गंगोलीहाट से वापस पिथौरागढ़ लौट रहे थे। इसी दौरान मटेला बैंड के पास उनकी कार अचानक अनियंत्रित होकर करीब 250 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में कार के परखच्चे उड़ गए।

घटना की सूचना मिलते ही घाट पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंची। चौकी प्रभारी जितेंद्र सोराड़ी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे, लेकिन तब तक दंपति की मौत हो चुकी थी। इसके बाद पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से दोनों शवों को खाई से सड़क तक लाया गया। अंधेरा होने के कारण राहत और बचाव कार्य में टीम को काफी मशक्कत करनी पड़ी।

बताया जा रहा है कि योगेश कुमार लोक निर्माण विभाग (PWD) पिथौरागढ़ में कार्यरत थे। दंपति रिश्तेदार की शादी में शामिल होने गंगोलीहाट गए थे और वापस लौटते समय यह हादसा हो गया।

इस दर्दनाक दुर्घटना की खबर मिलते ही परिवार और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस ने आगे की आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Inline Feedbacks
View all comments
Advertisement
Tools for Journalists to Publish News
Cricket Score
सबसे ज्यादा पड़ गई
Rashifal
Share Market