अल्मोड़ा में नाबालिग को वाहन देना पड़ा भारी, वाहन स्वामी पर 40 हजार का चालान…

अल्मोड़ा:
जनपद में सघन वाहन चेकिंग अभियान के तहत पुलिस ने नाबालिग वाहन चालकों और उन्हें वाहन उपलब्ध कराने वाले स्वामियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। यह अभियान चंद्रशेखर घोडके, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अल्मोड़ा के निर्देशों पर चलाया जा रहा है।

एसएसपी ने सभी थाना प्रभारियों को रैश ड्राइविंग, लापरवाह वाहन संचालन और नाबालिगों को वाहन देने वाले वाहन स्वामियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। इसी क्रम में प्रभारी निरीक्षक योगेश चन्द्र उपाध्याय के नेतृत्व में एसएसआई रमेश बोरा द्वारा अल्मोड़ा क्षेत्र में सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया।

चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक नाबालिग को स्कूटी चलाते हुए पकड़ा। मौके पर वाहन स्वामी जीवन लाल पुत्र मोहन लाल, निवासी बाड़ेछीना को बुलाया गया। कार्रवाई करते हुए पुलिस ने स्कूटी को सीज कर दिया और वाहन स्वामी के खिलाफ 40 हजार रुपये का कोर्ट चालान किया।

पुलिस ने वाहन स्वामी को सख्त चेतावनी दी कि भविष्य में नाबालिगों, बिना वैध ड्राइविंग लाइसेंस या अज्ञात व्यक्तियों को वाहन न सौंपें। वहीं नाबालिग चालक के अभिभावक (भाई) को थाने बुलाकर काउंसलिंग की गई और सख्त हिदायत के साथ नाबालिग को सुपुर्द किया गया।

पुलिस ने आमजन से अपील की है कि सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करें और नाबालिगों को वाहन चलाने की अनुमति न दें।