Home » ताजा खबरें » मुख्यमंत्री धामी ने सुनी जनसमस्याएं, शेर नाला पर नवनिर्मित पुल का किया लोकार्पण

मुख्यमंत्री धामी ने सुनी जनसमस्याएं, शेर नाला पर नवनिर्मित पुल का किया लोकार्पण

नैनीताल। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी आज जनपद नैनीताल के भ्रमण पर राजकीय इंटर कॉलेज लाखनमंडी, चोरगलिया पहुंचे। यहां हेलीपैड पर कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा, लालकुआं विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट, जिला पंचायत अध्यक्ष दीपा दरमवाल, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी समेत विभिन्न जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया।

राजकीय इंटर कॉलेज लाखनमंडी में मुख्यमंत्री ने क्षेत्रीय जनता और जनप्रतिनिधियों से मुलाकात कर उनकी कुशलक्षेम पूछी और विभिन्न जनसमस्याओं को सुना। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनता की समस्याओं का प्राथमिकता और त्वरित गति से समाधान सुनिश्चित किया जाए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जनसमस्याओं का समाधान राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए कि छोटी-छोटी समस्याओं के समाधान के लिए लोगों को बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसका विशेष ध्यान रखा जाए।

इसके बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हल्द्वानी-चोरगलिया-सितारगंज मार्ग पर शेर नाला में 9 करोड़ 93 लाख रुपये की लागत से निर्मित 120 मीटर स्पान डबल लेन आरसीसी कंक्रीट सेतु का लोकार्पण किया।

शेर नाला के बरसात के मौसम में उफान पर आने के कारण क्षेत्रवासियों को लंबे समय से आवागमन में परेशानियों का सामना करना पड़ता था। कई बार मार्ग बाधित होने से लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ती थी। अब नवनिर्मित पुल के शुरू होने से स्थानीय लोगों के साथ-साथ पर्यटकों को भी बेहतर और सुगम यातायात सुविधा मिलने की उम्मीद है।

पुल के लोकार्पण से क्षेत्रवासियों में खुशी का माहौल है। स्थानीय लोगों ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार जताया।

इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा, विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट समेत विभिन्न जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Advertisement
Tools for Journalists to Publish News
Cricket Score
सबसे ज्यादा पड़ गई
Rashifal
Share Market