रुद्रपुर में कांग्रेस ने कथित ‘शुद्धिकरण’ की घटना के विरोध में जमकर प्रदर्शन किया।
इंडियन यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने रुद्रपुर कलेक्ट्रेट का घेराव किया।
कांग्रेस की मांग है कि कार्यक्रम स्थल के कथित शुद्धिकरण को लेकर एफआईआर दर्ज की जाए, वहीं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज एफआईआर तत्काल निरस्त की जाए।
बड़ी संख्या में कलेक्ट्रेट पहुंचे कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की और सरकार के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराया।
प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया और उन्हें पंतनगर पुलिस थाने ले जाया गया।

हालांकि, बाद में सभी को निजी मुचलके पर रिहा कर दिया गया।
कांग्रेस नेताओं ने पुलिस कार्रवाई पर नाराजगी जताते हुए कहा कि सत्ता के दबाव और पुलिस कार्रवाई से उनकी आवाज को दबाया नहीं जा सकता।
फिलहाल, रुद्रपुर में कांग्रेस के इस प्रदर्शन के बाद उत्तराखंड की सियासत में राजनीतिक टकराव और तेज होता नजर आ रहा है।






