हरिद्वार। कांगड़ी फ्लाईओवर पर रविवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में दो किशोरों की मौत हो गई। हादसा स्कूटी और कार की आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर के बाद हुआ। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, दोनों किशोर स्कूटी से हरिद्वार से श्यामपुर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान कांगड़ी फ्लाईओवर के पास सामने से आ रही कार से उनकी स्कूटी की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों किशोर गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना मिलने पर श्यामपुर कोतवाली प्रभारी नितेश शर्मा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को 108 एंबुलेंस के जरिए जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
मृतकों की पहचान 16 वर्षीय कार्तिक अग्रवाल, निवासी कालीवाली हवेली, हरकी पैड़ी, हरिद्वार और 14 वर्षीय कृष्णा राजपूत, निवासी शिवनगर, रानी गली, हरिद्वार के रूप में हुई है।

बताया जा रहा है कि कार चालक हरिद्वार से बिजनौर की ओर जा रहा था। हादसे के बाद पुलिस ने घटना की परिस्थितियों की जांच शुरू कर दी है। दुर्घटना में शामिल कार के संबंध में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
दोनों किशोरों की मौत की खबर मिलते ही उनके परिवारों में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। एक ही हादसे में दो परिवारों के चिराग बुझने से इलाके में भी शोक की लहर है।
गौरतलब है कि कांगड़ी फ्लाईओवर पर पहले भी सड़क हादसे सामने आ चुके हैं। ऐसे में इस घटना ने एक बार फिर फ्लाईओवर की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
फिलहाल पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी जांच जारी है।






