Home » ताजा खबरें » हल्द्वानी में ‘स्वच्छता ही सेवा अभियान-2026’ के तहत चला विशेष सफाई अभियान

हल्द्वानी में ‘स्वच्छता ही सेवा अभियान-2026’ के तहत चला विशेष सफाई अभियान

हल्द्वानी में सोमवार को ‘स्वच्छता ही सेवा अभियान-2026’ के तहत नगर निगम हल्द्वानी-काठगोदाम और जिला प्रशासन की टीमों ने विभिन्न क्षेत्रों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया। अभियान के दौरान भीड़भाड़ वाले इलाकों, बाजारों, पर्यटन स्थलों, सार्वजनिक स्थानों और सामुदायिक शौचालयों में विशेष सफाई की गई।

रेलवे स्टेशन, रोडवेज बस एवं टैक्सी स्टैंड, मिनी स्टेडियम, खेल परिसर, सार्वजनिक पार्क, मुख्य बाजार और प्रमुख सड़कों सहित अन्य भीड़भाड़ वाले स्थानों पर सफाई कर्मियों ने झाड़ू लगाकर कूड़ा-कचरा एकत्र किया। इस दौरान लोगों से सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा न फैलाने और आसपास स्वच्छता बनाए रखने की अपील की गई।

बाजार और हाट क्षेत्रों में स्ट्रीट फूड विक्रेताओं, रेहड़ी-ठेली संचालकों और ग्राहकों को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया। नागरिकों से प्लास्टिक का उपयोग कम करने, कूड़ा डस्टबिन में डालने और ‘अपना बैग स्वयं लाएं’ के संदेश को अपनाने की अपील की गई। दुकानदारों को अपने प्रतिष्ठानों के सामने दो डस्टबिन रखने के निर्देश भी दिए गए।

अभियान के तहत गुटखा-पान मसाला के पैकेट, बहुस्तरीय प्लास्टिक (MLP) और सिगरेट के टुकड़ों को सार्वजनिक स्थानों पर नहीं फेंकने के लिए जागरूकता अभियान चलाया गया। सार्वजनिक स्थलों, दीवारों और सड़कों पर लगे लाल-पीले धब्बों को हटाने के साथ लोगों को स्वच्छ वातावरण बनाए रखने का संदेश दिया गया।

वहीं, नागरिकों को ठोस अपशिष्ट प्रबंधन (SWM) नियम-2026 के बारे में भी जानकारी दी गई। लोगों से गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग रखने, निर्धारित स्थान और समय पर ही कूड़ा डालने तथा स्वच्छता गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी करने की अपील की गई।

नगर निगम अधिकारियों के अनुसार, ‘स्वच्छता ही सेवा अभियान’ 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक चलाया जा रहा है। अभियान के तहत प्रतिदिन अलग-अलग थीम पर स्वच्छता और जनजागरूकता से जुड़ी गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं।

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Advertisement
Cricket Score
सबसे ज्यादा पड़ गई
Rashifal
Share Market