नंदा देवी महोत्सव के समापन और माँ नंदा-सुनंदा के डोला विसर्जन कार्यक्रम को देखते हुए 23 सितंबर 2026 को नैनीताल, भवाली और भीमताल नगर क्षेत्रों में सभी शैक्षणिक संस्थान और आंगनबाड़ी केंद्र बंद रहेंगे।
जिलाधिकारी ललित मोहन रायल ने बताया कि 23 सितंबर को नंदा देवी महोत्सव का समापन भव्य शोभायात्रा और डोला विसर्जन के साथ होगा। नैनीताल के अलावा भवाली और भीमताल में भी डोला विसर्जन कार्यक्रम प्रस्तावित हैं।
कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और पर्यटकों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए यातायात प्रभावित होने की आशंका है। छात्र-छात्राओं की सुरक्षा और सुगम आवागमन को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है।
23 सितंबर को नैनीताल, भवाली और भीमताल के नगर क्षेत्रों में सरकारी, अशासकीय, निजी विद्यालयों, आंगनबाड़ी केंद्रों और विश्वविद्यालयों में एक दिवसीय अवकाश रहेगा।

जिलाधिकारी ने मुख्य शिक्षा अधिकारी को आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं। आदेश का अनुपालन नहीं करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।






