हल्द्वानी। अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर गुरुवार को जिला प्रशासन एवं समाज कल्याण विभाग, नैनीताल की ओर से वरिष्ठ नागरिक जन कल्याण समिति, हल्द्वानी के सहयोग से रामपुर रोड स्थित महारानी बैंकट हॉल में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में वरिष्ठ नागरिकों, समाजसेवियों और उत्कृष्ट कार्य करने वाले कार्मिकों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि वरिष्ठ नागरिक कल्याण परिषद उत्तराखंड के उपाध्यक्ष नवीन चंद वर्मा रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में परिषद की उपाध्यक्ष शांति मेहरा ने प्रतिभाग किया। समारोह की अध्यक्षता समिति के अध्यक्ष इंजीनियर भुवन भास्कर पांडे ने की।
कार्यक्रम का शुभारंभ ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत अतिथियों द्वारा पौधारोपण के साथ हुआ। इसके बाद दीप प्रज्ज्वलन, सरस्वती वंदना, वंदे मातरम् गायन और समिति के संस्थापक अध्यक्ष स्वर्गीय न्यायमूर्ति मुरारी लाल गुप्ता के चित्र पर माल्यार्पण किया गया। महिलाओं की ओर से गणेश वंदना और स्वागत गीत की प्रस्तुति दी गई।
समारोह के दौरान समिति के 5 वयोवृद्ध जनों, 3 विशिष्ट समाजसेवी वरिष्ठजनों सहित स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण में योगदान देने वाले सदस्यों, विभिन्न विभागों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कार्मिकों तथा समिति के पदाधिकारियों और सदस्यों को माला, मोमेंटो और शॉल भेंट कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी आकर्षण का केंद्र रहीं। एमएस सेवा संस्थान के बच्चों ने ‘बेटी हिंदुस्तानी’ ग्रुप डांस प्रस्तुत किया। वहीं श्री आनंद वृद्धाश्रम के बुजुर्गों ने नृत्य, कविता पाठ और संगीत की प्रस्तुतियां देकर कार्यक्रम में रंग भर दिया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में प्रतिभाग करने वाले सभी कलाकारों को भी सम्मानित किया गया।

जिला समाज कल्याण अधिकारी विश्वनाथ गौतम ने वरिष्ठजनों के कल्याण के लिए संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। मुख्य एवं विशिष्ट अतिथियों ने वरिष्ठ नागरिकों को समाज की अमूल्य धरोहर बताते हुए उनके अनुभवों से प्रेरणा लेने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के अंत में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव पारुल थपलियाल ने नशा मुक्त भारत अभियान के तहत उपस्थित लोगों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई। अध्यक्ष के धन्यवाद ज्ञापन के बाद राष्ट्रगान के साथ समारोह का समापन हुआ।
इस अवसर पर वरिष्ठ नागरिक परिषद के उपाध्यक्ष नवीन चंद वर्मा, शांति मेहरा, अध्यक्ष भुवन भास्कर पांडे, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव पारुल थपलियाल, जिला समाज कल्याण अधिकारी विश्वनाथ गौतम, अपर जिला समाज कल्याण अधिकारी असलम अली, सहायक समाज कल्याण अधिकारी विपिन बिष्ट, जिला दिव्यांग केंद्र की डॉ. निधि, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र काठगोदाम के डॉ. विपुल शंकर, महिला अस्पताल हल्द्वानी की डॉ. दीपा, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बिंदुखत्ता के रजत तिवारी समेत समाज कल्याण विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में वरिष्ठ नागरिक मौजूद रहे।






