अल्मोड़ा जिले के लमगड़ा ब्लॉक में भ्रष्टाचार के खिलाफ उत्तराखंड सतर्कता अधिष्ठान ने एक और बड़ी कार्रवाई करते हुए एकाउंटेंट को रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान हर सिंह बिष्ट उर्फ हरीश सिंह बिष्ट के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, आरोपी शौचालय निर्माण कार्य के टेंडर से जुड़ी एफडीआर (फिक्स्ड डिपॉजिट रसीद) जारी करने के बदले 15 हजार रुपये की रिश्वत मांग रहा था। शिकायतकर्ता को लगभग 3 लाख रुपये का निर्माण कार्य स्वीकृत हुआ था, लेकिन एफडीआर रिलीज करने के लिए उससे लगातार पैसे की मांग की जा रही थी।
रिश्वतखोरी से परेशान होकर शिकायतकर्ता ने हिम्मत दिखाते हुए विजिलेंस के टोल-फ्री नंबर 1064 पर शिकायत दर्ज कराई। प्रारंभिक जांच में आरोप सही पाए जाने के बाद सतर्कता अधिष्ठान ने तत्काल ट्रैप टीम का गठन किया।
टीम ने सुनियोजित तरीके से जाल बिछाया और लमगड़ा ब्लॉक कार्यालय में ही आरोपी को 15 हजार रुपये लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया। गिरफ्तारी के बाद विभाग में हड़कंप मच गया है।
बताया जा रहा है कि आरोपी चीनाखान मोहल्ले का निवासी है।
गौरतलब है कि इससे पहले भी 28 मार्च को विजिलेंस टीम ने जागेश्वर रेंज कार्यालय में तैनात एक फॉरेस्टर को 25,500 रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया था।
लगातार हो रही इन कार्रवाइयों से स्पष्ट है कि उत्तराखंड में भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त अभियान जारी है।



