Home » ताजा खबरें » डॉक्टर्स डे पर स्वास्थ्य मंत्री का बड़ा ऐलान: उत्तराखंड के सभी मेडिकल कॉलेजों में बनेंगे AI सेंटर ऑफ एक्सीलेंस, 2026 तक सभी रिक्त पद होंगे भरेंगे

डॉक्टर्स डे पर स्वास्थ्य मंत्री का बड़ा ऐलान: उत्तराखंड के सभी मेडिकल कॉलेजों में बनेंगे AI सेंटर ऑफ एक्सीलेंस, 2026 तक सभी रिक्त पद होंगे भरेंगे

देहरादून। नेशनल डॉक्टर्स डे के अवसर पर राजकीय दून मेडिकल कॉलेज में आयोजित पांचवें “डॉक्टर ऑफ द ईयर” सम्मान समारोह में प्रदेश के चिकित्सा, स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री सुबोध उनियाल ने चिकित्सा क्षेत्र से जुड़े कई महत्वपूर्ण ऐलान किए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखंड के सभी सरकारी मेडिकल कॉलेजों में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) सेंटर ऑफ एक्सीलेंस स्थापित करेगी, जिससे चिकित्सकों को भविष्य की आधुनिक तकनीकों और चुनौतियों के अनुरूप प्रशिक्षित किया जा सके।

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि वर्ष 2026 के अंत तक सभी सरकारी मेडिकल कॉलेजों में रिक्त पदों पर नियुक्तियां पूरी कर दी जाएंगी। इसके साथ ही लंबित पदोन्नतियों को भी शत-प्रतिशत पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने यह भी घोषणा की कि राज्य में विशेषज्ञ चिकित्सकों के लिए अलग से स्पेशलिस्ट डॉक्टर कैडर बनाया जाएगा।

सुबोध उनियाल ने चिकित्सकों से तनावमुक्त जीवनशैली अपनाने का आह्वान करते हुए कहा कि सभी मेडिकल कॉलेजों में योग और मेडिटेशन को बढ़ावा दिया जाएगा, ताकि डॉक्टर और मेडिकल छात्र मानसिक रूप से स्वस्थ रहकर बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं दे सकें।

समारोह में प्रदेशभर से चयनित 32 उत्कृष्ट चिकित्सकों को “डॉक्टर ऑफ द ईयर” सम्मान प्रदान किया गया। इसके अलावा तीन चिकित्सकों को आउटस्टैंडिंग लीडरशिप अवॉर्ड तथा तीन चिकित्सकों को लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड से सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता उत्तराखंड चिकित्सा शिक्षा विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. (डॉ.) भानु दुग्गल ने की। उन्होंने कहा कि शिक्षा और स्वास्थ्य का अत्यधिक व्यवसायीकरण समाज के कमजोर वर्गों के लिए चुनौती बनता जा रहा है और इस दिशा में संतुलित प्रयास जरूरी हैं।

भारतीय चिकित्सा परिषद के अध्यक्ष डॉ. जे. एन. नौटियाल ने स्वस्थ जीवन और सफल उपचार में आयुष चिकित्सा की भूमिका पर प्रकाश डाला। वहीं, स्वामी राम हिमालयन विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. राजेंद्र डोभाल ने मेडिकल छात्रों और युवा डॉक्टरों में बढ़ती आत्महत्या की घटनाओं पर चिंता व्यक्त करते हुए मानसिक स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता बताई।

दून मेडिकल कॉलेज की प्राचार्य डॉ. गीता जैन ने राष्ट्रीय डॉक्टर्स डे के महत्व पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम के संयोजक एवं दिव्य हिमगिरि के संपादक डॉ. कुँवर राज अस्थाना ने सम्मान चयन प्रक्रिया और कार्यक्रम की रूपरेखा की जानकारी दी। अंत में एचएनबी उत्तराखंड मेडिकल एजुकेशन यूनिवर्सिटी के डीन डॉ. एम.के. पंत ने धन्यवाद ज्ञापित किया।

समारोह में कपकोट विधायक सुरेश गड़िया, उत्तराखंड आयुर्वेद विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. अरुण त्रिपाठी, स्वामी राम हिमालयन विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. राजेंद्र डोभाल, दून मेडिकल कॉलेज की प्राचार्य डॉ. गीता जैन तथा भारतीय चिकित्सा परिषद के अध्यक्ष डॉ. जे. एन. नौटियाल सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Advertisement
Tools for Journalists to Publish News
Cricket Score
सबसे ज्यादा पड़ गई
Rashifal
Share Market