ऋषिकेश। दून–हरिद्वार नेशनल हाईवे पर रविवार देर रात एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। रायवाला क्षेत्र में मोतीचूर फ्लाईओवर के पास करीब रात 10 बजे पांच वाहनों की आपस में भिड़ंत हो गई। टक्कर के बाद कुछ वाहनों में आग लगने से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे में एक महिला की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल और झुलस गए।
पुलिस के अनुसार ऋषिकेश से हरिद्वार की ओर जा रही एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को पीछे से आ रही रोडवेज बस ने टक्कर मार दी। इसके बाद पीछे से आ रही एक कार और एक ट्राला भी इन वाहनों से टकरा गए। अचानक हुए इस हादसे से मौके पर चीख-पुकार मच गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
इसी दौरान पीछे से तेज गति से आ रही एक और कार दुर्घटनाग्रस्त वाहनों से जा टकराई, जिससे हादसा और गंभीर हो गया। टक्कर के बाद कुछ वाहनों में आग लग गई और धुएं का गुबार पूरे क्षेत्र में फैल गया।
हादसे की सूचना मिलते ही रायवाला कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। आग पर काबू पाने के लिए हरिद्वार, ऋषिकेश और लालतप्पड़ से फायर ब्रिगेड की टीमें बुलानी पड़ीं। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया और घायलों को बाहर निकाला।
इस दुर्घटना में एक महिला की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल और झुलस गए। घायलों को उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
हादसे के कारण दून–हरिद्वार हाईवे पर करीब दो घंटे तक लंबा जाम लगा रहा। पुलिस और प्रशासन की टीमों ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटवाकर देर रात करीब सवा 12 बजे यातायात को सुचारु कराया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।



