बागेश्वर से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है।अतिक्रमण बचाने के नाम पर कथित रंगदारी वसूली के मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। वायरल ऑडियो और पुलिस में दी गई तहरीर के आधार पर बागेश्वर पुलिस ने मुख्य आरोपी गोपाल वनवासी को गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है कि बागेश्वर तहसील रोड स्थित होटल विवेक के संचालक विक्रम दानू से अतिक्रमण के मामले को दबाने के नाम पर पैसे की मांग की जा रही थी। आरोप है कि गोपाल वनवासी ने पहले सोशल मीडिया, खासकर फेसबुक पोस्ट के जरिए दबाव बनाने की कोशिश की। सूत्रों के अनुसार, दबाव में आकर होटल व्यवसाई विक्रम दानू ने स्थानीय लोगों के माध्यम से करीब 40 हजार रुपये की पहली किस्त आरोपी तक पहुंचाई। लेकिन इसके बाद भी मांगें खत्म नहीं हुईं और दोबारा अधिक पैसे की डिमांड की गई। वनवासी कि दूसरी बार डिमांड के दौरान विक्रम दानू ने सूझबूझ दिखाते हुए पूरी बातचीत का स्टिंग ऑडियो रिकॉर्ड कर लिया, जो बाद में वायरल हो गया। ऑडियो सामने आने के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया और पीड़ित द्वारा पुलिस में तहरीर दी गई।
तहरीर के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मुख्य आरोपी गोपाल वनवासी को गिरफ्तार कर लिया है। अब बड़ा सवाल यह है कि क्या इस मामले में शामिल अन्य लोगों तक भी कानून के हाथ पहुंचेंगे, क्योंकि वायरल ऑडियो में कुछ और नाम भी सामने आने की बात कही जा रही है।फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है।
Post Views: 23



