रुद्रपुर के खेड़ा क्षेत्र में सात साल की मासूम बच्ची के साथ कथित दुराचार के प्रयास का मामला सामने आने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। आरोप है कि एक व्यक्ति बच्ची को बहला-फुसलाकर लालच देते हुए मकान के पीछे ले गया, जहां उसके साथ आपत्तिजनक हरकत करने का प्रयास किया गया।

इसी दौरान एक युवक की नजर कथित घटना पर पड़ गई। युवक ने शोर मचाया तो आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और बच्ची को सुरक्षित बचा लिया। लोगों ने आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस बच्ची और उसके परिजनों से जानकारी जुटा रही है और मामले में नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
नाबालिग बच्ची से जुड़ा मामला होने के कारण पुलिस पूरे प्रकरण को गंभीरता से ले रही है। घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है और स्थानीय लोग आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
फिलहाल पुलिस की जांच जारी है और मामले में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।




