Home » ताजा खबरें » साहसिक पर्यटन को नई उड़ान: कपकोट में राष्ट्रीय एक्युरेसी पैराग्लाइडिंग प्रतियोगिता का शुभारंभ…

साहसिक पर्यटन को नई उड़ान: कपकोट में राष्ट्रीय एक्युरेसी पैराग्लाइडिंग प्रतियोगिता का शुभारंभ…

Share :

जनपद में साहसिक पर्यटन को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत कपकोट क्षेत्र में पांच दिवसीय राष्ट्रीय एक्युरेसी पैराग्लाइडिंग प्रतियोगिता का शुभारंभ गुरुवार को केदारेश्वर मैदान में क्षेत्रीय विधायक सुरेश गड़िया एवं जिलाधिकारी आकांक्षा कोंडे द्वारा किया गया।


प्रतियोगिता के अंतर्गत प्रतिभागी जालेख से उड़ान भरकर केदारेश्वर मैदान में सटीक लैंडिंग कर रहे हैं। इस राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों से कुल 92 प्रतिभागियों ने पंजीकरण कराया है। प्रतियोगिता के पहले दिन 30 प्रतिभागियों ने अपने कौशल और साहस का प्रदर्शन करते हुए रोमांचक उड़ानें भरीं।

इस अवसर पर जिलाधिकारी आकांक्षा कोंडे ने कहा कि देशभर से पैराग्लाइडर्स का जनपद में आगमन गर्व की बात है। उन्होंने आयोजकों एवं प्रशासनिक टीम का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि माननीय मुख्यमंत्री के निर्देशों के क्रम में जनपद में साहसिक पर्यटन को निरंतर प्रोत्साहित किया जा रहा है। इस प्रकार की प्रतियोगिताओं से पर्यटन गतिविधियों, स्थानीय अर्थव्यवस्था तथा समग्र विकास को गति मिलती है, साथ ही युवा वर्ग को नए अवसर एवं प्रेरणा प्राप्त होती है। उन्होंने प्रतिभागियों से सुरक्षा मानकों का पूर्णतः पालन करने की अपील करते हुए कहा कि सेफ्टी के मामले में किसी भी प्रकार का समझौता न किया जाए। साथ ही उन्होंने प्रतिभागियों से जनपद के प्रमुख पर्यटक एवं तीर्थ स्थलों के भ्रमण का भी आग्रह किया।

माननीय विधायक सुरेश गड़िया ने कहा कि कपकोट में राष्ट्रीय स्तर की पैराग्लाइडिंग प्रतियोगिता का आयोजन क्षेत्र के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड विश्व पटल पर पर्यटन के लिए विशेष पहचान रखता है। पर्यटन को और सुदृढ़ करने के उद्देश्य से ट्रैक रूटों, रेस्ट कैंपों एवं आधारभूत सुविधाओं के विकास की दिशा में निरंतर कार्य किए जा रहे हैं।

दर्जा राज्य मंत्री शिव सिंह विष्ट ने कहा कि जनपद की प्राकृतिक सुंदरता और पर्वतीय भू-परिदृश्य पैराग्लाइडिंग जैसे साहसिक खेलों के लिए अत्यंत अनुकूल हैं। यदि पैराग्लाइडिंग को पर्यटन व्यवसाय से व्यापक रूप से जोड़ा जाए तो स्थानीय युवाओं को रोजगार के नए अवसर प्राप्त होंगे।

प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी को ₹1,00,000, द्वितीय स्थान को ₹50,000 तथा तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले को ₹30,000 की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी। इस अवसर पर प्रतिभागी पैराग्लाइडर्स को सम्मानित भी किया गया।

कार्यक्रम में विधायक पार्वती दास, जिला पंचायत अध्यक्ष शोभा आर्या, ब्लॉक प्रमुख भावना साही, नगर पालिका अध्यक्ष सुरेश खेतवाल, नगर पंचायत अध्यक्ष गीता ऐठानी, भाजपा जिला अध्यक्ष प्रभा गड़िया, मुख्य विकास अधिकारी आर.सी. तिवारी, उप जिलाधिकारी अनिल चन्याल, पर्यटन अधिकारी पी.के. गौतम सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Inline Feedbacks
View all comments
Advertisement
Tools for Journalists to Publish News
Cricket Score
सबसे ज्यादा पड़ गई
Rashifal
Share Market