Home » ताजा खबरें » खुले सरिया-पाइप ले जाना पड़ेगा भारी, नियम तोड़े तो वाहन होगा सीज: आरटीओ प्रवर्तन…

खुले सरिया-पाइप ले जाना पड़ेगा भारी, नियम तोड़े तो वाहन होगा सीज: आरटीओ प्रवर्तन…

Share :

हल्द्वानी में सड़क सुरक्षा को लेकर आरटीओ प्रवर्तन ने सख्त रुख अपनाया है। खुले सरिया, लोहे के पाइप और लंबी धातु सामग्री का असुरक्षित परिवहन जानलेवा साबित हो सकता है। नियमों के उल्लंघन पर वाहन सीज करने की चेतावनी दी गई है।

हल्द्वानी। सड़क सुरक्षा को लेकर आरटीओ प्रवर्तन अरविंद पाण्डे ने मालवाहक और छोटे वाहनों में खुले रूप से बाहर निकले सरिया, लोहे के पाइप या अन्य लंबी धातु सामग्री के परिवहन को गंभीर खतरा बताया है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि इस तरह की सामग्री केवल उसी लंबाई के उपयुक्त मालवाहक वाहन में ही ले जानी चाहिए, ताकि सड़क पर चल रहे अन्य वाहन चालकों और राहगीरों की जान जोखिम में न पड़े।

आरटीओ प्रवर्तन ने बताया कि यदि किसी मजबूरी में सरिया या लंबे पाइप का परिवहन किया जा रहा है, तो उसे पूरी तरह सुरक्षित तरीके से पैक करना अनिवार्य होगा। खुले सिरों को कपड़े या अन्य सुरक्षा सामग्री से ढकना जरूरी है, जिससे पीछे से आने वाले वाहन या व्यक्ति को चोट न पहुंचे।

नियमों की अनदेखी करने पर संबंधित वाहन के खिलाफ सख्त प्रवर्तन कार्रवाई करते हुए वाहन को सीज किया जाएगा। उन्होंने जानकारी दी कि हाल ही में एक ई-रिक्शा को पकड़ा गया, जिसमें लंबा पाइप पीछे की ओर खतरनाक तरीके से बाहर निकला हुआ था। छोटे वाहनों में इस प्रकार की भारी और लंबी सामग्री ले जाना बेहद जोखिमपूर्ण है, जिसे देखते हुए ई-रिक्शा को मौके पर ही जब्त कर लिया गया।

आरटीओ प्रवर्तन अरविंद पाण्डे ने मालवाहक चालकों, ई-रिक्शा संचालकों और आम वाहन चालकों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की असुरक्षित या खतरनाक सामग्री का परिवहन न करें और सभी सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन करें। उन्होंने दो टूक कहा कि आगे भी नियम तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त अभियान जारी रहेगा।

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Inline Feedbacks
View all comments
Advertisement
Tools for Journalists to Publish News
Cricket Score
सबसे ज्यादा पड़ गई
Rashifal
Share Market