देहरादून। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को मुख्यमंत्री आवास में आयोजित एक उच्चस्तरीय बैठक में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के आगामी 7 मार्च को प्रस्तावित हरिद्वार दौरे की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यक्रम की सभी व्यवस्थाएँ समयबद्ध, सुव्यवस्थित और गरिमापूर्ण ढंग से सुनिश्चित की जाएँ। उन्होंने कहा कि दौरे के दौरान सुरक्षा, यातायात, जनसुविधाओं और विभागों के बीच समन्वय से जुड़ी व्यवस्थाएँ पूरी तरह सुचारु रहनी चाहिए।

मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से कहा कि हरिद्वार एक महत्वपूर्ण धार्मिक और सांस्कृतिक नगरी है, इसलिए कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं और आम लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत रखने, यातायात प्रबंधन के लिए प्रभावी योजना बनाने, पर्याप्त पार्किंग की व्यवस्था करने और सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही कार्यक्रम स्थलों पर स्वच्छता, पेयजल, बिजली और स्वास्थ्य सेवाओं की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने को भी कहा।
बैठक में गढ़वाल मंडल आयुक्त विनय शंकर पाण्डेय, जिलाधिकारी हरिद्वार मयूर दीक्षित, जिलाधिकारी देहरादून सविन बंसल, अपर सचिव बंशीधर तिवारी सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को कार्यक्रम की तैयारियों की प्रगति और विभिन्न विभागों द्वारा किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी।
मुख्यमंत्री ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिया कि कार्यक्रम से जुड़ी व्यवस्थाओं की नियमित मॉनिटरिंग की जाए और किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए, ताकि केंद्रीय गृह मंत्री का हरिद्वार दौरा सफल और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सके।



