Home » ताजा खबरें » बागेश्वर में कमर्शियल गैस सिलेंडरों के उपयोग पर अस्थायी प्रतिबंध, घरेलू गैस आपूर्ति सामान्य…

बागेश्वर में कमर्शियल गैस सिलेंडरों के उपयोग पर अस्थायी प्रतिबंध, घरेलू गैस आपूर्ति सामान्य…

Share :

बागेश्वर: शासन के निर्देशों के क्रम में जनपद बागेश्वर में कमर्शियल गैस सिलेंडरों के उपयोग पर अस्थायी प्रतिबंध लागू किया गया है। जिलाधिकारी आकांक्षा कोंडे ने स्पष्ट किया है कि जनपद में घरेलू एलपीजी गैस की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है और नागरिकों को घबराने या पैनिक बुकिंग करने की कोई आवश्यकता नहीं है।

जिलाधिकारी ने की समीक्षा बैठक

इस संबंध में जिलाधिकारी ने जिला होटल एसोसिएशन, पेट्रोल पंप संचालकों, गैस एजेंसियों, आवासीय विद्यालयों के प्रतिनिधियों तथा संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर वर्तमान स्थिति की समीक्षा की। बैठक में बताया गया कि शासन के आदेशों के अनुसार फिलहाल कमर्शियल गैस सिलेंडरों के उपयोग पर प्रतिबंध लगाया गया है, जबकि घरेलू गैस सिलेंडरों की आपूर्ति पूर्ववत जारी रहेगी।

समन्वय के साथ व्यवस्था बनाए रखने की अपील

बैठक के दौरान विभिन्न हितधारकों से मौजूदा स्थिति पर सुझाव भी लिए गए। जिलाधिकारी ने गैस एजेंसियों, होटल एसोसिएशन, पेट्रोल पंप संचालकों और अन्य प्रतिनिधियों से प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की।

गैस आपूर्ति की निगरानी के लिए टीम गठित

जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि आवश्यक संस्थानों में गैस आपूर्ति बाधित हो। इसके लिए जनपद और तहसील स्तर पर क्विक रिस्पॉन्स टीम गठित की गई है तथा जिला पूर्ति अधिकारी को जिले का नोडल अधिकारी नामित किया गया है। जिला एवं तहसील आपदा नियंत्रण कक्ष को भी अलर्ट मोड पर रखा गया है।

जमाखोरी और कालाबाजारी पर कड़ी निगरानी

प्रशासन ने पुलिस, उपजिलाधिकारियों और तहसीलदारों को जमाखोरी कालाबाजारी पर सख्त निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं। साथ ही गैस वाहनों के सुगम आवागमन को सुनिश्चित करने तथा पेट्रोल पंपों और गैस एजेंसियों में सीसीटीवी कवरेज सुनिश्चित करने को कहा गया है।

ऑनलाइन पोर्टल तकनीकी कारणों से प्रभावित

जिला पूर्ति अधिकारी बल्लभ पांडेय ने बताया कि इंडियन ऑयल का ऑनलाइन पोर्टल तकनीकी कारणों से अस्थायी रूप से प्रभावित हुआ है, जिसे जल्द ही ठीक कर लिया जाएगा।

पेट्रोल-डीजल की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य

उन्होंने बताया कि जिले में पेट्रोल और डीजल की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है और किसी प्रकार की कमी नहीं है। पेट्रोल पंपों पर बोतल, कैन या अन्य खुले कंटेनरों में ईंधन उपलब्ध नहीं कराया जाएगा। नागरिकों से अनावश्यक भंडारण से बचने की अपील की गई है।

फर्जी गैस बुकिंग लिंक से रहें सतर्क

पुलिस अधीक्षक जितेंद्र मेहरा ने लोगों से सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहे फर्जी गैस बुकिंग लिंक और नंबरों से सावधान रहने की अपील की।

घरेलू गैस का व्यावसायिक उपयोग प्रतिबंधित

अपर जिलाधिकारी एन.एस. नबियाल ने स्पष्ट किया कि घरेलू गैस सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है। यदि कहीं भी घरेलू गैस का कमर्शियल उपयोग पाया जाता है तो संबंधित के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

वैकल्पिक ईंधन पर भी हुई चर्चा

बैठक में गैस के विकल्पों पर भी चर्चा हुई। इस दौरान इंडक्शन, बिजली और लकड़ी जैसे वैकल्पिक ईंधनों के उपयोग को बढ़ावा देने पर विचार किया गया।

अफवाहों से बचने की अपील

जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान दें और केवल आधिकारिक सूचनाओं पर ही विश्वास करें।

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Inline Feedbacks
View all comments
Advertisement
Tools for Journalists to Publish News
Cricket Score
सबसे ज्यादा पड़ गई
Rashifal
Share Market