पौड़ी गढ़वाल: उत्तराखंड में लगातार हो रही भारी बारिश अब पहाड़ों में आफत बनती जा रही है। पौड़ी गढ़वाल के द्वारीखाल ब्लॉक के महरगांव गांव में देर रात बारिश के बाद अचानक भारी भूस्खलन हो गया। पहाड़ी से आया मलबा और बड़े-बड़े बोल्डर कई इलाकों में जा घुसे, जिससे ग्रामीणों में दहशत फैल गई।
बताया जा रहा है कि भूस्खलन की चपेट में आने से तीन लोग मलबे में फंस गए हैं। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस की टीमें सक्रिय हो गईं। SDRF समेत राहत एवं बचाव दलों को मौके के लिए रवाना किया गया है।

हालांकि, लगातार हो रहे भूस्खलन और जगह-जगह रास्ते बाधित होने के कारण रेस्क्यू टीमों के सामने बड़ी चुनौती खड़ी हो गई है। मलबा हटाने और फंसे लोगों तक पहुंचने के लिए लगातार राहत-बचाव अभियान चलाया जा रहा है।
वहीं, स्थानीय ग्रामीण भी प्रशासन और रेस्क्यू टीमों का सहयोग कर रहे हैं। प्रशासन की टीमें पूरे घटनाक्रम पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।
फिलहाल सबसे बड़ी चुनौती मलबे में फंसे तीन लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने की है। रेस्क्यू ऑपरेशन पूरा होने के बाद ही नुकसान और स्थिति की पूरी तस्वीर साफ हो सकेगी।
लगातार बारिश के बीच हुए इस भूस्खलन ने एक बार फिर पहाड़ी क्षेत्रों में मानसून के दौरान बढ़ते भूस्खलन के खतरे को उजागर कर दिया है। प्रशासन ने प्रभावित क्षेत्र में लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।




