गरुड़ विकासखंड के छटिया क्षेत्र में मूसलाधार बारिश ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। लगातार बारिश के चलते जमीन में भू-कटाव होने से दो आवासीय भवनों पर भूस्खलन का खतरा मंडरा रहा है।
बताया जा रहा है कि कमला देवी, शंकर राम और प्रताप सिंह के परिवारों के भवन जमीन दरकने की चपेट में हैं। यदि भू-कटाव इसी तरह जारी रहा तो दोनों आवासीय भवनों को भारी नुकसान पहुंचने की आशंका है।

वहीं प्रभावित कमला देवी की आर्थिक स्थिति भी बेहद कमजोर बताई जा रही है। उनकी एक बेटी शारीरिक रूप से विकलांग है, ऐसे में परिवार के सामने प्राकृतिक आपदा के साथ-साथ आर्थिक संकट भी खड़ा हो गया है।
जमीन लगातार दरकने से प्रभावित परिवारों में भय का माहौल बना हुआ है। लोगों को आशंका है कि बारिश के बीच कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
मामले की जानकारी मिलने पर ग्राम प्रधान राजू जोशी और क्षेत्र पंचायत सदस्य प्रमोद जोशी ने मौके का मुआयना किया और प्रशासन को पूरे मामले से अवगत कराया। जनप्रतिनिधियों ने प्रशासन से आपदा मद के तहत प्रभावित स्थान पर जल्द से जल्द सुरक्षा दीवार का निर्माण कराने और इसके लिए आवश्यक धनराशि उपलब्ध कराने की मांग की है।
अब प्रभावित परिवारों को प्रशासन की त्वरित मदद का इंतजार है, ताकि समय रहते सुरक्षा इंतजाम किए जा सकें और उनके आशियानों को भूस्खलन की जद में आने से बचाया जा सके।




