Home » ताजा खबरें » बागेश्वर में जनसुनवाई में पहुंचीं 15 शिकायतें, ज्यादातर का मौके पर समाधान अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के सख्त निर्देश, 36 दिन से लंबित मामलों को प्राथमिकता से निपटाने के आदेश

बागेश्वर में जनसुनवाई में पहुंचीं 15 शिकायतें, ज्यादातर का मौके पर समाधान अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के सख्त निर्देश, 36 दिन से लंबित मामलों को प्राथमिकता से निपटाने के आदेश

 

बागेश्वर। आम जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान को लेकर सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जनसुनवाई आयोजित की गई। जिलाधिकारी अपूर्वा पाण्डे के निर्देश पर अपर जिलाधिकारी एनएस नबियाल की अध्यक्षता में हुई जनसुनवाई में सड़क, पेयजल, पेंशन और मुआवजे से संबंधित कुल 15 शिकायतें सामने आईं।

जनसुनवाई की खास बात यह रही कि अधिकांश शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। वहीं शेष मामलों के शीघ्र समाधान के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

खनन से खेतों को नुकसान की शिकायत

वास्तोली क्षेत्र में खनन के कारण खेतों को हुए नुकसान का मामला भी जनसुनवाई में उठा। इस पर अपर जिलाधिकारी ने जिला खान अधिकारी को मौके पर जाकर स्थलीय निरीक्षण करने और जांच के बाद नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

वहीं मनीगांव-कांडे में पेयजल लाइन को नुकसान पहुंचाने की शिकायत पर जल संस्थान के अधिकारियों को संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा गया।

सड़क निर्माण से प्रभावित काश्तकारों को मिलेगा मुआवजा

अमतोड़ा-डूंगरगांव सड़क निर्माण से प्रभावित काश्तकारों के मुआवजे का मामला भी सामने आया। प्रशासन ने लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता को प्रभावित काश्तकारों को नियमानुसार मुआवजा उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

इसके अलावा वृद्धावस्था पेंशन से जुड़ी शिकायतों पर जिला समाज कल्याण अधिकारी को त्वरित कार्रवाई करने को कहा गया।

हेल्पलाइन और पोर्टल की लंबित शिकायतों की भी समीक्षा

जनसुनवाई के दौरान मुख्यमंत्री हेल्पलाइन और ‘हेलो बागेश्वर’ पोर्टल पर लंबित शिकायतों की भी समीक्षा की गई। अपर जिलाधिकारी ने 36 दिन से अधिक समय से लंबित शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि शिकायतों के समाधान में केवल कागजी कार्रवाई तक सीमित न रहें, बल्कि शिकायतकर्ताओं से स्वयं संवाद कर उनकी समस्या का वास्तविक समाधान सुनिश्चित करें।

अनुपस्थित जेई को शॉ-कॉज नोटिस

जनसुनवाई में अनुपस्थित रहने पर वेपकॉस के जेई को शॉ-कॉज नोटिस जारी करने के निर्देश भी दिए गए।

प्रशासन ने साफ संदेश दिया है कि आम जनता की समस्याओं के समाधान में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। लंबित शिकायतों का समयबद्ध और प्रभावी निस्तारण प्रशासन की प्राथमिकता रहेगी।

जनसुनवाई के दौरान मुख्य विकास अधिकारी नरेश कुमार समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Advertisement
Cricket Score
सबसे ज्यादा पड़ गई
Rashifal
Share Market