बागेश्वर। जनपद की बदहाल और गड्ढायुक्त सड़कों को लेकर प्रशासन ने अब अभियान तेज कर दिया है। जिलाधिकारी अपूर्वा पाण्डे ने सभी अभियंत्रण विभागों को मिशन मोड में काम करते हुए 16 अक्टूबर से पहले जनपद की सभी सड़कों को गड्ढा मुक्त करने का लक्ष्य दिया है।
बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में जिलाधिकारी ने पीएमजीएसवाई, लोक निर्माण विभाग, राष्ट्रीय राजमार्ग, ब्रिडकुल और वेकोस के अधिकारियों के साथ सड़क मरम्मत एवं गड्ढा मुक्त अभियान की विभागवार समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने प्रत्येक विभाग के अंतर्गत आने वाली सड़कों की वर्तमान स्थिति, क्षतिग्रस्त हिस्सों और अब तक किए गए मरम्मत कार्यों की प्रगति की जानकारी ली।
डीएम ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि गड्ढा मुक्त अभियान को महज औपचारिकता न बनाकर जमीन पर प्रभावी तरीके से लागू किया जाए। चिन्हित क्षतिग्रस्त स्थानों पर प्राथमिकता के आधार पर मरम्मत कार्य कराया जाए और निर्धारित समयसीमा के भीतर हर हाल में लक्ष्य पूरा किया जाए।
उन्होंने कहा कि सड़क मरम्मत में गुणवत्ता से किसी भी तरह का समझौता नहीं होना चाहिए। संबंधित अधिकारी नियमित रूप से मौके पर जाकर कार्यों का स्थलीय निरीक्षण करें और यह सुनिश्चित करें कि मरम्मत के बाद सड़क की गुणवत्ता मानकों के अनुरूप हो।

जिलाधिकारी ने सभी अभियंत्रण विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश देते हुए कहा कि अभियान की प्रगति पर लगातार निगरानी रखी जाए, ताकि 16 अक्टूबर तक जनपद की सड़कों को गड्ढा मुक्त करने का लक्ष्य पूरा किया जा सके।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी नरेश कुमार, अपर जिलाधिकारी एन.एस. नबियाल, उप जिलाधिकारी प्रियंका रानी सहित पीएमजीएसवाई, लोक निर्माण विभाग, राष्ट्रीय राजमार्ग, ब्रिडकुल, वेकोस एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
अब देखने वाली बात यह होगी कि 16 अक्टूबर की समयसीमा तक विभाग जमीनी स्तर पर इस अभियान को कितनी तेजी और गुणवत्ता के साथ पूरा कर पाते हैं।






