बागेश्वर। उत्तराखंड के बागेश्वर जिले से एक बड़ी और दुखद खबर सामने आई है। पिछले 18 दिनों से लापता चल रहे धीरेंद्र परिहार का शव नदी गांव मिलन के पास बरामद हुआ है। शव मिलने की खबर से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई, वहीं परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।

जानकारी के मुताबिक, धीरेंद्र परिहार पिछले 17 दिनों से लापता थे। उनकी तलाश की जा रही थी, लेकिन अब उनका शव बरामद होने से मामले ने दुखद मोड़ ले लिया है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भेज दिया है। फिलहाल धीरेंद्र परिहार की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका पता नहीं चल पाया है। पुलिस को पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
वहीं, इस घटना ने एक बार फिर बागेश्वर जिले में लगातार सामने आ रही दिल दहला देने वाली घटनाओं को लेकर चिंता बढ़ा दी है। पिछले कुछ समय से जिले में आपराधिक और संदिग्ध घटनाओं की खबरें लगातार सामने आ रही हैं।
सवाल यह है कि आखिर शांत और सुरक्षित माने जाने वाले बागेश्वर जिले में क्या हो रहा है? लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं से आम लोगों में डर और चिंता का माहौल क्यों बढ़ रहा है? इन घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए पुलिस और प्रशासन क्या कदम उठा रहे हैं?
फिलहाल सभी की निगाहें पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच पर टिकी हैं।







