बागेश्वर डबल मर्डर केस: चाचा-चाची की हत्या का आरोपी गिरफ्तार, वारदात में इस्तेमाल लोहे की रॉड बरामद
बागेश्वर। उत्तराखंड के बागेश्वर जिले के गरुड़ क्षेत्र के नरग्वाड़ी गांव में बुजुर्ग दंपति की हत्या के मामले में बैजनाथ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने दोहरे हत्याकांड के आरोपी 52 वर्षीय गोविन्द बल्लभ खोलिया को घटना के कुछ ही घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल खून से सनी लोहे की रॉड भी बरामद की है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने पुरानी रंजिश के चलते वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की है।
झगड़े की सूचना पर पहुंची पुलिस, अस्पताल में बुजुर्ग दंपति की मौत
पुलिस के अनुसार, 1 नवंबर 2026 की शाम करीब 8:30 बजे डायल 112 पर नरग्वाड़ी गांव निवासी निखिल खोलिया ने सूचना दी कि पूरन चन्द्र खोलिया के घर पर झगड़ा हो रहा है। सूचना मिलते ही बैजनाथ पुलिस की टीम मौके पर पहुंची।
जांच के दौरान सामने आया कि गांव निवासी गोविन्द बल्लभ खोलिया ने अपने चाचा पूरन चन्द्र खोलिया (70 वर्ष) और चाची भगवती देवी (62 वर्ष) पर कथित तौर पर हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया था। दोनों के सिर और शरीर से काफी खून बह रहा था। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से घायलों को थाने के वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बैजनाथ पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
लोहे की रॉड से हमले का आरोप, मुकदमा दर्ज
घटना के बाद मृतक दंपति की बहू दर्शानी देवी पत्नी नवीन चन्द्र खोलिया ने पुलिस को तहरीर दी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि गोविन्द बल्लभ खोलिया ने लोहे की रॉड से हमला कर उनके सास-ससुर की हत्या कर दी।

तहरीर के आधार पर कोतवाली बैजनाथ में एफआईआर संख्या 29/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1), 109(1), 117(2), 333 और 352 में मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की विवेचना प्रभारी निरीक्षक कैलाश सिंह नेगी को सौंपी गई।
कई थानों की पुलिस ने चलाया सर्च ऑपरेशन
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक बागेश्वर ने क्षेत्राधिकारी बागेश्वर को तत्काल घटनास्थल का निरीक्षण करने के निर्देश दिए। साथ ही अल्मोड़ा की फॉरेंसिक टीम और बागेश्वर की फॉरेंसिक यूनिट को घटनास्थल का वैज्ञानिक एवं डिजिटल निरीक्षण करने के लिए बुलाया गया।
आरोपी की गिरफ्तारी के लिए बैजनाथ कोतवाली के साथ कौसानी, कपकोट और झिरौली थानों की पुलिस तथा एसओजी की टीमें गठित की गईं। पुलिस ने रातभर क्षेत्र में तलाशी अभियान चलाया और मुखबिरों को सक्रिय किया।
पुलिस के मुताबिक, 2 नवंबर 2026 को मिली सूचना के आधार पर आरोपी गोविन्द बल्लभ खोलिया (52 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में उसने पुरानी रंजिश के चलते वारदात को अंजाम देने की बात बताई। उसकी निशानदेही पर कथित तौर पर वारदात में इस्तेमाल खून से सनी लोहे की रॉड बरामद की गई।
आरोपी के खिलाफ पहले भी दर्ज है मुकदमा
पुलिस के अनुसार, आरोपी के आपराधिक इतिहास की जांच के दौरान राजस्व क्षेत्र गागरीगोल में उसके खिलाफ हत्या के प्रयास से संबंधित एक अन्य मुकदमा दर्ज होने की जानकारी भी सामने आई है।
गिरफ्तार आरोपी और बरामद लोहे की रॉड को पुलिस ने नियमानुसार कब्जे में लेकर न्यायालय के समक्ष पेश करने की प्रक्रिया शुरू की है।
इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका
इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक कैलाश सिंह नेगी, थानाध्यक्ष कौसानी कैलाश सिंह बिष्ट, थानाध्यक्ष कपकोट प्रताप सिंह नगरकोटी, थानाध्यक्ष झिरौली मनोहर चन्द, उपनिरीक्षक उमेश रजवार और उपनिरीक्षक विनीता बिष्ट सहित पुलिस टीम के अन्य सदस्यों ने भूमिका निभाई।
बागेश्वर के नरग्वाड़ी गांव में हुई इस वारदात ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया है। पुरानी रंजिश में एक बुजुर्ग दंपति की जान चली गई। अब पुलिस मामले की विवेचना के जरिए वारदात से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच कर रही है।






