उत्तराखंड के बागेश्वर जिले के गरुड़ से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां नर्गवाड़ी गांव में रिश्तों के कत्ल का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि एक भतीजे ने अपने ही सगे चाचा और चाची पर लोहे की रॉड से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस हमले में दोनों की मौत हो गई, जबकि बीच-बचाव करने पहुंची दंपती की बहू गंभीर रूप से घायल हो गई। वारदात के बाद से आरोपी फरार बताया जा रहा है। आखिर एक ही परिवार के भीतर ऐसा क्या हुआ कि मामला दो लोगों की मौत तक पहुंच गया? पुलिस पूरे मामले की जांच और आरोपी की तलाश में जुटी है।
पूरा मामला गरुड़ तहसील के नर्गवाड़ी गांव का है। जानकारी के मुताबिक, रविवार देर रात गांव में उस वक्त चीख-पुकार मच गई, जब गोविंद बल्लभ खोलिया पर अपने सगे चाचा पूरन चंद्र खोलिया और चाची भगवती देवी पर लोहे की रॉड से हमला करने का आरोप लगा।
बताया जा रहा है कि हमले में 58 वर्षीय पूरन चंद्र खोलिया और 54 वर्षीय भगवती देवी गंभीर रूप से घायल हो गए। इसी दौरान घर में मौजूद दंपती की बहू दया खोलिया, पत्नी नवीन खोलिया, बीच-बचाव करने पहुंचीं तो उन पर भी हमला किए जाने का आरोप है। इस हमले में दया खोलिया गंभीर रूप से घायल हो गईं।

घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने तत्काल आपातकालीन सेवा 112 को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बैजनाथ पहुंचाया गया। हालांकि, अस्पताल में चिकित्सकों ने पूरन चंद्र खोलिया और भगवती देवी को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल दया खोलिया का अस्पताल में उपचार चल रहा है।
वीओ:
इस वारदात के बाद पूरे नर्गवाड़ी गांव में दहशत का माहौल है। एक ही परिवार के दो लोगों की मौत और बहू के गंभीर रूप से घायल होने की घटना ने ग्रामीणों को झकझोर कर रख दिया है।
फिलहाल, आरोपी के फरार होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। अब जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि इस खौफनाक वारदात के पीछे की वजह क्या थी और परिवार के भीतर ऐसा क्या विवाद हुआ, जिसने इस घटना का रूप ले लिया।
रिपोर्ट: बागेश्वर, उत्तराखंड






