उत्तराखंड के विश्व प्रसिद्ध केदारनाथ धाम से बर्फबारी का ऐसा नजारा सामने आया है, जिसे देखकर हर कोई मंत्रमुग्ध हो रहा है। बाबा केदारनाथ के रक्षक माने जाने वाले भुकुंट भैरवनाथ मंदिर के आसपास पूरी केदारघाटी बर्फ की सफेद चादर में लिपटी नजर आ रही है। खास बात यह है कि वर्ष 2013 की आपदा के बाद कपाट बंद होने से पहले इस तरह की बर्फबारी के नजारे कम ही देखने को मिले थे। ऐसे में इस बार समय से पहले हुई बर्फबारी ने तीर्थपुरोहितों और स्थानीय लोगों की पुरानी यादें ताजा कर दी हैं।

बर्फ से ढकी पहाड़ियां, चारों ओर सफेदी और बीच में विराजमान बाबा भुकुंट भैरवनाथ जी का मंदिर… केदारघाटी का यह अद्भुत नजारा हर किसी का मन मोह रहा है। रुद्रप्रयाग पुलिस ने बर्फबारी के बीच मंदिर का खूबसूरत वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किया है।
समुद्रतल से करीब 11,700 फीट की ऊंचाई पर स्थित केदारनाथ धाम में शीतकालीन बर्फबारी शुरू हो चुकी है। इस बार कपाट बंद होने से पहले बर्फ गिरने से स्थानीय लोगों और तीर्थपुरोहितों में खासा उत्साह है।
वरिष्ठ तीर्थपुरोहित और केदारसभा के पूर्व अध्यक्ष विनोद शुक्ला के मुताबिक, वर्ष 2013 की आपदा से पहले कपाट बंद होने के समय कई बार धाम में दो फीट तक बर्फ जम जाती थी। कभी-कभी रामबाड़ा तक बर्फ दिखाई देती थी। वहीं, तीर्थपुरोहित उमेश पोस्ती ने अक्टूबर में हुई बर्फबारी को शुभ संकेत बताया है। केदारसभा अध्यक्ष राजकुमार तिवारी का कहना है कि इस बार बर्फबारी ने पुरानी यादें ताजा कर दी हैं और आगे भी अच्छी बर्फबारी की उम्मीद जगी है।
फिलहाल, बर्फ की सफेद चादर में लिपटी केदारघाटी का यह नजारा श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। अब सबकी निगाहें आने वाले दिनों में होने वाली बर्फबारी पर टिकी हैं।







