उत्तरकाशी। उत्तराखंड के केदारताल ट्रैक से एक दुखद खबर सामने आई है। पांच दिन पहले कच्ची ढांग के समीप फंसे आठ ट्रैकर्स की तलाश में जुटी रेस्क्यू टीम को मंगलवार को बड़ी सफलता मिली है। एसडीआरएफ और नेहरू पर्वतारोहण संस्थान (निम) की टीम ने रेस्क्यू अभियान के दौरान दो ट्रैकर्स के शव बरामद किए हैं। इनमें एक महिला और एक पुरुष शामिल हैं।
दरअसल, केदारताल ट्रैक पर कच्ची ढांग के समीप आठ ट्रैकर्स के फंसे होने की सूचना के बाद से ही एसडीआरएफ और निम की टीमें उनकी तलाश में जुटी हुई थीं। खराब मौसम के चलते रेस्क्यू अभियान प्रभावित हो रहा था। मंगलवार को मौसम खुलने के बाद करीब चार हजार मीटर की ऊंचाई पर हाई एल्टीट्यूड रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। इसी दौरान टीम को एक महिला और एक पुरुष का शव मिला।

जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने दो शव बरामद होने की पुष्टि की है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दोनों शव लापता ट्रैकर्स के ही बताए जा रहे हैं। बुधवार को हेलिकॉप्टर के माध्यम से दोनों शवों को हर्षिल हेलीपैड लाए जाने की तैयारी है।
वहीं, दो शव मिलने के बाद बाकी छह ट्रैकर्स की तलाश को लेकर भी चिंता बढ़ गई है। हालांकि, रेस्क्यू टीम ने अभी उम्मीद नहीं छोड़ी है और अन्य लापता लोगों की तलाश जारी रखने का निर्णय लिया है।
एसडीआरएफ के सेनानायक अर्पण यदुवंशी के अनुसार, बुधवार को भी निम और एसडीआरएफ की हाई एल्टीट्यूड रेस्क्यू टीमें अभियान जारी रखेंगी। रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटी टीम को सहयोग देने के लिए एक अतिरिक्त टीम रसद और अन्य लाइफ सपोर्ट सामग्री के साथ केदारखड़क भेजी जाएगी।
फिलहाल रेस्क्यू टीम की प्राथमिकता बाकी छह लापता ट्रैकर्स का पता लगाना है। दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र, करीब चार हजार मीटर की ऊंचाई और चुनौतीपूर्ण मौसम के बीच यह अभियान लगातार जारी है।






