पौड़ी में गुलदार का खूनी हमला, 7 साल की मासूम बच्ची की दर्दनाक मौत; गांव में पसरा मातम

पौड़ी। उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में गुलदार का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला पौड़ी जिला मुख्यालय से सटे ओजली गांव से सामने आया है, जहां देर शाम गुलदार ने एक सात वर्षीय मासूम बच्ची पर हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया। इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
जानकारी के मुताबिक, घटना शाम करीब 6:30 बजे की बताई जा रही है। गुलदार के हमले में बच्ची की जान चली गई। घटना के बाद बच्ची का शव बरामद कर लिया गया है। मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया, वहीं पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम घटनास्थल के लिए रवाना हो गई। वहीं, गुलदार के हमले के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में लगातार वन्यजीवों का खतरा बना हुआ है, लेकिन लोगों की सुरक्षा के लिए पर्याप्त इंतजाम नहीं किए जा रहे हैं।
ग्रामीणों ने वन विभाग से गुलदार को पकड़ने के लिए तत्काल कार्रवाई करने और क्षेत्र में गश्त बढ़ाने की मांग की है। साथ ही लोगों की सुरक्षा के लिए पुख्ता इंतजाम करने की भी मांग उठाई है।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर पहाड़ों में कब तक मासूमों की जिंदगी वन्यजीवों के आतंक की भेंट चढ़ती रहेगी? कब जागेगा वन विभाग और कब ग्रामीणों को इस खौफ से निजात मिलेगी?







