Home » ताजा खबरें » हल्द्वानी में मदर डेयरी के दूध की गुणवत्ता पर सवाल, जांच में अधोमानक और मिथ्याछाप निकला सैंपल; लेबल पर 4% फैट, मिला सिर्फ 2.9%

हल्द्वानी में मदर डेयरी के दूध की गुणवत्ता पर सवाल, जांच में अधोमानक और मिथ्याछाप निकला सैंपल; लेबल पर 4% फैट, मिला सिर्फ 2.9%

हल्द्वानी में मदर डेयरी के दूध की गुणवत्ता पर सवाल, जांच में अधोमानक और मिथ्याछाप निकला सैंपल; लेबल पर 4% फैट, मिला सिर्फ 2.9%

हल्द्वानी। उत्तराखंड में खाद्य सुरक्षा विभाग की जांच में मदर डेयरी के पैक्ड गाय के दूध का नमूना अधोमानक और मिथ्याछाप घोषित किया गया है। केंद्रीय खाद्य प्रयोगशाला गाजियाबाद की जांच रिपोर्ट में दूध के अंदर फैट की मात्रा निर्धारित मानकों से कम पाई गई। पैकेट पर न्यूनतम 4 प्रतिशत फैट होने का दावा किया गया था, जबकि जांच में महज 2.9 प्रतिशत फैट मिला।

खाद्य सुरक्षा विभाग के अनुसार, अगस्त 2026 में हल्द्वानी नगर निगम क्षेत्र के भोलानाथ गार्डन स्थित मदर डेयरी के वितरक से पैक्ड गाय के दूध का नमूना जांच के लिए लिया गया था। राजकीय खाद्य एवं औषधि प्रयोगशाला रुद्रपुर में नमूना अधोमानक पाए जाने के बाद अपील पर इसे केंद्रीय खाद्य प्रयोगशाला गाजियाबाद भेजा गया।

21 अक्टूबर 2026 को जारी केंद्रीय प्रयोगशाला की रिपोर्ट में दूध में फैट की मात्रा 2.9 प्रतिशत पाई गई, जबकि खाद्य सुरक्षा एवं मानक विनियम 2011 के तहत न्यूनतम 3.2 प्रतिशत फैट होना अनिवार्य है। वहीं, उत्पाद के लेबल पर 4 प्रतिशत फैट होने की घोषणा की गई थी। इस आधार पर नमूने को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के तहत अधोमानक और मिथ्याछाप घोषित किया गया है। मामले में विभाग की ओर से अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

त्योहारी सीजन में खाद्य सुरक्षा विभाग की छापेमारी तेज

इधर, त्योहारों के मद्देनजर खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावटखोरों के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। 4 नवंबर को रामनगर, हल्द्वानी नगर निगम क्षेत्र और हल्द्वानी ग्रामीण के लालकुआं इलाके में करीब दो दर्जन खाद्य प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया गया।

इस दौरान 21 अलग-अलग खाद्य प्रतिष्ठानों से गुड़, गुलाब जामुन, आटे के लड्डू, खिलौना मिठाई, पेड़ा, बेसन के लड्डू, बालूशाही और तिल-खोया लड्डू समेत विभिन्न खाद्य पदार्थों के 14 नमूने जांच के लिए एकत्र किए गए।

निरीक्षण के दौरान खाद्य कारोबारियों को साफ-सफाई बनाए रखने, खाद्य पदार्थों को सुरक्षित परिस्थितियों में रखने और उपभोक्ताओं को गुणवत्तायुक्त खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।

कार्रवाई के दौरान तहसीलदार लालकुआं ईश्वर सिंह, सहायक आयुक्त अजय सिंह रावत, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी, हल्द्वानी नगर निगम तथा खाद्य सुरक्षा अधिकारी अभय कुमार सिंह सहित विभागीय टीम मौजूद रही।

उपभोक्ताओं से विभाग की अपील

खाद्य सुरक्षा विभाग ने आम जनता से अपील की है कि खाद्य सामग्री खरीदते समय उसकी गुणवत्ता, पैकिंग, निर्माण तिथि, एक्सपायरी डेट और खाद्य लाइसेंस की जानकारी जरूर जांचें। किसी भी प्रकार की मिलावट या अस्वच्छ खाद्य सामग्री की बिक्री की सूचना विभाग को दें।

अब देखना होगा कि मदर डेयरी के इस मामले में आगे क्या विधिक कार्रवाई होती है। फिलहाल खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि मिलावटी और अधोमानक खाद्य पदार्थों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Advertisement
Cricket Score
सबसे ज्यादा पड़ गई
Rashifal
Share Market