बागेश्वर में सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा, महिला ने लोहे की रॉड से की युवक की हत्या; भाई के साथ मिलकर गोमती नदी में फेंका शव

बागेश्वर से एक सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा हुआ है। 17 अक्टूबर से लापता 35 वर्षीय धीरेन्द्र परिहार उर्फ कक्कू की हत्या के आरोप में पुलिस ने एक महिला समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गुमशुदा युवक का शव गोमती नदी से बरामद कर लिया है। वहीं, हत्या में इस्तेमाल लोहे की रॉड और शव को ठिकाने लगाने में इस्तेमाल की गई कार भी बरामद की गई है।
दरअसल, धीरेन्द्र परिहार 17 अक्टूबर 2026 की शाम बागेश्वर बाजार जाने की बात कहकर घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। 31 अक्टूबर को उसकी मां नन्दी परिहार ने कोतवाली बागेश्वर में बेटे की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने विशेष टीम गठित कर युवक की तलाश शुरू कराई।
पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल सर्विलांस और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से जांच आगे बढ़ाई। इस दौरान धीरेन्द्र की एक संदिग्ध मोबाइल नंबर से लगातार बातचीत होने की जानकारी सामने आई। यह नंबर नुमाइशखेत निवासी 42 वर्षीय लता भंडारी का निकला।
जांच के दौरान पुलिस को सीसीटीवी फुटेज में 19 अक्टूबर की रात महिला की कार संदिग्ध परिस्थितियों में जाती दिखाई दी। इसके बाद पुलिस ने महिला से सख्ती से पूछताछ की तो पूरे मामले का खुलासा हुआ।
पुलिस के मुताबिक, महिला ने पूछताछ में बताया कि 17 अक्टूबर की रात धीरेन्द्र नशे की हालत में उसके घर पहुंचा था। इसी दौरान दोनों के बीच विवाद हुआ और महिला ने कथित तौर पर घर में रखी लोहे की रॉड से उसके सिर पर दो वार कर दिए। इसके बाद धीरेन्द्र की मौत हो गई।
आरोप है कि महिला ने शव को अपनी चारपाई के नीचे छिपा दिया और अगले दिन अपने भाई त्रिभुवन सिंह बिष्ट उर्फ बबलू को पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद दोनों ने मिलकर शव को कार की पिछली सीट पर रखा और बागेश्वर-गिरेछीना मोटर मार्ग पर थुनाई बैंड के पास से गोमती नदी में फेंक दिया।
पुलिस ने दोनों आरोपियों की निशानदेही पर सर्च अभियान चलाया और 3 नवंबर की शाम नदी के पास से धीरेन्द्र का शव बरामद कर लिया। साथ ही हत्या में इस्तेमाल लोहे की रॉड और कार भी बरामद कर ली गई।
पुलिस ने मामले में दर्ज गुमशुदगी के मुकदमे को हत्या समेत अन्य संबंधित धाराओं में तरमीम कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों में 42 वर्षीय लता भंडारी निवासी नुमाइशखेत और 39 वर्षीय त्रिभुवन सिंह बिष्ट उर्फ बबलू निवासी कठायतबाड़ा शामिल हैं।
फिलहाल पुलिस ने शव का पंचायतनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई की है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
बागेश्वर में इस सनसनीखेज वारदात के खुलासे के बाद इलाके में हड़कंप मचा हुआ है।






