बागेश्वर। गरुड़ ब्लॉक के ग्राम सभा मजकोट के तोक कुन्झाली में जंगली जानवर की गतिविधि से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। बीती रात केदार गिरि की गौशाला में जंगली जानवर ने हमला कर दिया। हमले में एक बैल की मौत हो गई, जबकि दूसरा बैल घायल बताया जा रहा है।
ग्रामीणों के मुताबिक, क्षेत्र से कुछ बकरियों के लापता होने की जानकारी भी सामने आई है, जिससे जंगली जानवर के हमले की आशंका और बढ़ गई है। घटना की सूचना ग्राम प्रधान के माध्यम से वन विभाग को दी गई।
सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और गौशाला समेत आसपास के क्षेत्र का निरीक्षण किया। हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि हमला किस जंगली जानवर ने किया है। वन विभाग की जांच के बाद ही स्थिति साफ हो सकेगी।

घटनास्थल पर ग्राम प्रधान आरती देवी, उपप्रधान प्रतिनिधि सुरेंद्र गिरी, सरपंच पूरन गिरी, पूर्व सरपंच कैलाश गिरी, क्षेत्र पंचायत प्रतिनिधि, वन विभाग के कर्मचारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
ग्रामीणों ने वन विभाग से मामले की गंभीरता से जांच कराने, प्रभावित परिवार को नियमानुसार मुआवजा देने और क्षेत्र में जंगली जानवरों की गतिविधियों पर निगरानी बढ़ाने की मांग की है।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए, तो आने वाले दिनों में जंगली जानवरों का खतरा और बढ़ सकता है। फिलहाल वन विभाग की जांच रिपोर्ट का इंतजार है।






