गरुड़। परमानंद पांडे बालिका इंटर कॉलेज पाये की छात्राओं ने अपनी प्रतिभा और मेहनत का शानदार प्रदर्शन करते हुए विद्यालय का नाम रोशन किया है। मुख्यमंत्री मेधावी छात्रवृत्ति योजना में विद्यालय की कक्षा 9 की छह छात्राओं और कक्षा 6 की एक छात्रा का चयन हुआ है। एक साथ सात छात्राओं के चयन से विद्यालय परिवार में खुशी का माहौल है।
छात्राओं की इस उपलब्धि पर विद्यालय की प्रधानाचार्य प्रेमा भट्ट ने सभी चयनित छात्राओं को बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने छात्राओं का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि यह सफलता उनकी मेहनत और लगन का परिणाम है। उन्होंने छात्राओं से भविष्य में भी इसी तरह मेहनत करते हुए विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता हासिल करने और विद्यालय के साथ-साथ अपने माता-पिता का नाम रोशन करने का आह्वान किया।

छात्राओं की इस शानदार उपलब्धि पर ग्राम प्रधान पाये उमा भट्ट, ब्लॉक प्रमुख किशन बोरा, भाजपा जिला महामंत्री घनश्याम जोशी, व्यापार मंडल अध्यक्ष महेश ठाकुर, लक्ष्मी दत्त पांडे, दिनेश नेगी और जिला पंचायत सदस्य जनार्दन लोहनी ने भी खुशी जताई।
जनप्रतिनिधियों और क्षेत्र के गणमान्य लोगों ने चयनित छात्राओं के साथ ही विद्यालय की प्रधानाचार्य और समस्त स्टाफ को बधाई देते हुए कहा कि छात्राओं की यह सफलता क्षेत्र की अन्य बेटियों के लिए भी प्रेरणादायक है।
मुख्यमंत्री मेधावी छात्रवृत्ति योजना में सात छात्राओं का चयन निश्चित तौर पर विद्यालय के लिए बड़ी उपलब्धि है, जिसने पाये क्षेत्र के साथ पूरे गरुड़ ब्लॉक का गौरव बढ़ाया है।






