बागेश्वर। संस्कृत की संस्कृति, कला और प्रतिभा का अनूठा संगम बुधवार को बागेश्वर में देखने को मिला। पीएम श्री विक्टर मोहन जोशी स्मारक राजकीय इंटर कॉलेज में उत्तराखंड संस्कृत संस्थानम्, हरिद्वार के तत्वावधान में दो दिवसीय जनपद स्तरीय संस्कृत छात्र प्रतियोगिता का रंगारंग शुभारंभ हुआ।
जिलाधिकारी अपूर्वा पाण्डे ने दीप प्रज्ज्वलित कर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया और छात्र-छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं। प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न विद्यालयों से पहुंचे छात्र-छात्राओं ने संस्कृत नृत्य, नाटक, समूह गान, वाद-विवाद, श्लोकोच्चारण और आशु भाषण के जरिए अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
जनपद संयोजक दीप चंद्र जोशी ने बताया कि छह अलग-अलग विधाओं में आयोजित प्रतियोगिता के जनपद स्तर के विजेता प्रतिभागी 23 और 24 अक्टूबर को हरिद्वार में होने वाली राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में बागेश्वर का प्रतिनिधित्व करेंगे।

बुधवार को कनिष्ठ वर्ग की प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, जबकि 1 अक्टूबर को वरिष्ठ वर्ग के प्रतिभागी अपनी प्रतिभा दिखाएंगे। जनपद स्तर के विजेताओं को कुल 37,800 रुपये की नकद पुरस्कार राशि और प्रमाणपत्र दिए जाएंगे।
कनिष्ठ वर्ग की संस्कृत नृत्य प्रतियोगिता में जिम कॉर्बेट पब्लिक स्कूल की टीम ने प्रथम स्थान हासिल किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाएं और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन डॉ. रमेश कांडपाल और मोहन चंद्र जोशी ने संयुक्त रूप से किया।






