बागेश्वर, 22 अगस्त 2026। जिलाधिकारी अपूर्वा पाण्डे ने शनिवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कांडा का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं और अस्पताल की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने आपातकालीन कक्ष, पंजीकरण कक्ष, दवा वितरण कक्ष, औषधि भंडार, कोल्ड चेन कक्ष, एक्स-रे, अल्ट्रासाउंड, प्रसव कक्ष, शौचालय और पेयजल व्यवस्था का निरीक्षण किया।
प्रसव सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए जिलाधिकारी ने प्रेग्नेंसी टेबल समेत आवश्यक उपकरणों की मांग तत्काल भेजने के निर्देश दिए। वहीं औषधि भंडार के निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्टॉक रजिस्टर की जांच की और उपलब्ध दवाइयों का भौतिक सत्यापन किया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि दवाइयों का स्टॉक रजिस्टर नियमित और सही तरीके से अपडेट हो तथा अस्पताल में कोई भी दवा एक्सपायर नहीं होनी चाहिए।

अस्पताल में साफ-सफाई व्यवस्था संतोषजनक नहीं मिलने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई और तत्काल सुधार के निर्देश दिए। मरीजों को स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराने के लिए बेडशीट बदलने में कलर कोडिंग सिस्टम का पालन करने को कहा। साथ ही बायोमेडिकल वेस्ट के उचित निस्तारण के लिए एक सप्ताह के भीतर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
आपातकालीन वार्ड में ड्यूटी रजिस्टर को नियमित रूप से अपडेट करने और इस्तेमाल किए गए इंजेक्शन व सीरिंज का निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार सुरक्षित निस्तारण सुनिश्चित करने को भी कहा गया।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ स्वच्छता, दवा प्रबंधन, सुरक्षा और संक्रमण नियंत्रण मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए।
निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी अनिल चनियाल, प्रभारी चिकित्साधिकारी दिवाकर पांडेय, चिकित्साधीक्षक आशुतोष तिवारी और क्षेत्र पंचायत सदस्य विनय सिंह मौजूद रहे
Post Views: 73




