Home » ताजा खबरें » गरुड़ के पाटली गांव में बाघ का हमला, घास काट रही महिला गंभीर घायल

गरुड़ के पाटली गांव में बाघ का हमला, घास काट रही महिला गंभीर घायल

गरुड़। विकासखंड गरुड़ के पाटली गांव में घास काटने गई एक महिला पर बाघ ने हमला कर दिया। अचानक हुए इस हमले से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों के शोर मचाने पर बाघ वहां से भाग निकला, जिससे महिला की जान बच सकी।

जानकारी के अनुसार, पाटली गांव निवासी 35 वर्षीय प्रेमा जोशी पत्नी हेम जोशी घर के पास खेत में घास काट रही थीं। इसी दौरान अचानक बाघ ने उन पर हमला कर दिया। हमले में महिला की कमर और बाएं पैर में गहरे घाव आए हैं।

महिला की चीख-पुकार सुनकर आसपास मौजूद ग्रामीण महिलाएं मौके पर पहुंचीं और शोर मचाकर बाघ को भगाया। इसके बाद परिजन घायल महिला को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बैजनाथ लेकर पहुंचे।

अस्पताल में डॉ. चेतन जोशी द्वारा महिला का उपचार किया जा रहा है। चिकित्सकों ने महिला को वार्ड में भर्ती किया है।

वहीं, बैजनाथ वन रेंज की वन दरोगा अनुराधा जोशी ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के आधार पर घायल महिला को नियमानुसार मुआवजा दिया जाएगा।

घटना के बाद पाटली गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और बाघ की गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी रखने की मांग की है।

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Advertisement
Cricket Score
सबसे ज्यादा पड़ गई
Rashifal
Share Market