Home » ताजा खबरें » बागेश्वर में औद्योगिक विकास को मिलेगी रफ्तार, स्थानीय उत्पादों को ग्लोबल मार्केट से जोड़ने की तैयारी

बागेश्वर में औद्योगिक विकास को मिलेगी रफ्तार, स्थानीय उत्पादों को ग्लोबल मार्केट से जोड़ने की तैयारी

बागेश्वर में औद्योगिक निवेश और स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने को लेकर जिलाधिकारी अपूर्वा पाण्डे की अध्यक्षता में जिला उद्योग मित्र समिति एवं जिला स्तरीय निर्यात समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। जिला सभागार में हुई बैठक में औद्योगिक निवेश को गति देने, लंबित मामलों के निस्तारण और पर्वतीय उत्पादों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचाने को लेकर कई अहम निर्देश दिए गए।

बैठक में उत्तराखंड एकल खिड़की सुगमता एवं अनुज्ञापन व्यवस्था के तहत लंबित आवेदनों और सैद्धांतिक स्वीकृति से जुड़े मामलों की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों से लंबित प्रकरणों की वर्तमान स्थिति और देरी के कारणों की जानकारी लेते हुए मामलों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

लघु एवं मध्यम उद्यम नीति के विभिन्न प्रावधानों पर भी चर्चा हुई। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करने और पात्र उद्यमियों को सरकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ दिलाने के निर्देश दिए।

वहीं, जिला स्तरीय निर्यात समिति की बैठक में बागेश्वर के स्थानीय और पर्वतीय उत्पादों को देश-विदेश के बाजारों तक पहुंचाने की संभावनाओं पर मंथन किया गया। कीवी, ट्राउट, मसाले, कुटकी समेत अन्य स्थानीय उत्पादों के निर्यात को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया गया।

उत्पादों की गुणवत्ता बनाए रखने और सुरक्षित भंडारण के लिए कोल्ड स्टोरेज सुविधाओं के विकास की संभावनाओं पर भी चर्चा की गई।

जिलाधिकारी ने स्थानीय किसानों, उत्पादकों और उद्यमियों को सीधे बाजार से जोड़ने के लिए बायर-सेलर मीट आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ऐसा मंच तैयार किया जाए, जहां उत्पादक और खरीदार सीधे संवाद कर सकें। इससे बाजार की मांग को समझने, उत्पादन और विपणन की बेहतर रणनीति तैयार करने के साथ ही स्थानीय उत्पादकों की आय बढ़ाने में मदद मिलेगी।

बैठक में पर्यटन क्षेत्र को मजबूत करने पर भी चर्चा हुई। जिलाधिकारी ने जनपद में प्रशिक्षित पर्यटन गाइड तैयार करने के लिए गाइड विकास से संबंधित नीति एवं प्रस्ताव तैयार कर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को बैठक में दिए गए निर्देशों और लंबित मामलों के संबंध में तीन दिन के भीतर अनुपालन आख्या उपलब्ध कराने के सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि औद्योगिक और निर्यात गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय से काम करें और लंबित मामलों का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करें।

बैठक में जिला पर्यटन विकास अधिकारी के अनुपस्थित रहने पर जिलाधिकारी ने कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश भी दिए।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी नरेश कुमार, अपर जिलाधिकारी एन.एस. नबियाल, महाप्रबंधक उद्योग अमित सिंह रावत, कोषाधिकारी आकाश रघुवंशी सहित विभिन्न उद्यमी और संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Advertisement
Cricket Score
सबसे ज्यादा पड़ गई
Rashifal
Share Market