अल्मोड़ा: जिले में लगातार हो रही भारी बारिश अब जानलेवा साबित होने लगी है। हवालबाग ब्लॉक के वडूय्या गांव में मंगलवार तड़के एक दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव को सदमे में डाल दिया। बारिश के बीच अचानक एक मकान की दीवार और ढांचा भरभराकर गिर गया, जिसकी चपेट में आने से एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई।
हादसे के वक्त परिवार के सदस्य घर के अंदर सो रहे थे। अचानक मकान का हिस्सा गिरने से मां, बेटी और बेटा मलबे में दब गए। तेज आवाज और चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तत्काल पुलिस-प्रशासन को सूचना दी।
सूचना मिलते ही एसडीआरएफ, पुलिस, राजस्व विभाग, फायर सर्विस और आपदा प्रबंधन की टीमें मौके पर पहुंचीं। ग्रामीणों की मदद से मलबा हटाकर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। काफी मशक्कत के बाद तीनों को मलबे से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।

इस दर्दनाक हादसे की खबर फैलते ही पूरे गांव में मातम पसर गया। लगातार बारिश और भूस्खलन के खतरे के बीच राहत-बचाव कार्य भी बेहद चुनौतीपूर्ण रहा।
बताया जा रहा है कि अल्मोड़ा में पिछले दो दिनों से लगातार भारी बारिश हो रही है। बारिश के कारण कई जगह जनजीवन प्रभावित हुआ है और पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन का खतरा भी बना हुआ है।
यह हादसा एक बार फिर पहाड़ी क्षेत्रों में बारिश के दौरान कमजोर और संवेदनशील मकानों में रह रहे परिवारों की सुरक्षा पर सवाल खड़े करता है। लगातार बारिश के बीच प्रशासन की आपदा तैयारियों और संवेदनशील क्षेत्रों में रहने वाले लोगों की सुरक्षा को लेकर भी गंभीर चिंता सामने आई है।
एक परिवार के तीन लोगों की मौत ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। भारी बारिश के बीच यह हादसा पहाड़ों में बढ़ते आपदा जोखिम की एक दर्दनाक चेतावनी बनकर सामने आया है।






