हल्द्वानी। प्रदेश के सिंचाई, पर्यटन, लोक निर्माण एवं ग्रामीण निर्माण मंत्री सतपाल महाराज ने रविवार को गोला नदी पर निर्माणाधीन बहुउद्देशीय जमरानी बांध परियोजना का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्माण कार्य में तेजी लाने और निर्धारित समय-सीमा के भीतर परियोजना को पूरा करने के निर्देश दिए।
काठगोदाम से करीब 10 किलोमीटर दूर बन रही इस महत्वाकांक्षी परियोजना को लेकर मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि जमरानी बांध के निर्माण से नैनीताल और ऊधमसिंह नगर के साथ उत्तर प्रदेश के बरेली और रामपुर जिलों की करीब 57,066 हेक्टेयर कृषि भूमि को सिंचाई सुविधा मिलेगी।
उन्होंने बताया कि करीब 3,808 करोड़ रुपये की लागत से तैयार होने वाली जमरानी बांध परियोजना से हल्द्वानी और आसपास के क्षेत्रों में रहने वाले 10 लाख से अधिक लोगों को प्रतिवर्ष 42.70 मिलियन क्यूबिक मीटर पेयजल उपलब्ध कराया जाएगा।

परियोजना से मानसून के दौरान बाढ़ नियंत्रण और नदी के प्रवाह को नियंत्रित करने में भी मदद मिलेगी। इसके अलावा जलाशय क्षेत्र में मत्स्य पालन और पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे। मंत्री ने अधिकारियों से परियोजना की प्रगति की जानकारी लेते हुए निर्माण कार्य को समयबद्ध तरीके से आगे बढ़ाने के निर्देश दिए।






